बहराइच : स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, सीएचसी व पीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त

बहराइच । स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी पिछले दस दिनों से अपनी मांगों को लेकर लगातार हड़ताल पर हैं। जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ प्रांगण में हड़ताली कर्मचारियों ने 30 जनवरी को इको गार्डन लखनऊ कूच करने का एलान किया हैै। समान कार्य समान वेतन समेत चार सूत्री मांगों को लेकर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के स्वास्थ्य संविदा कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। कार्य बहिष्कार से जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी व पीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हैं।
संघ जिलाध्यक्ष डॉ.मोहम्मद जुबेर खां व संरक्षक ओपी पाठक ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के आवाह्न पर प्रदेश के समस्त एनएचएम संविदा कर्मचारी इको गार्डेन धरना स्थल लखनऊ पहुँचकर एक दिवसीय धरना देंगे। उपाध्यक्ष रिज़वान अली ने कहा कि समान कार्य समान वेतन की विसंगति को तत्काल दूर किया जाना चाहिए। ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर एमसीटीएस ऑपरेटर व अन्य संविदा कर्मियों का आउट सोर्सिंग के माध्यम से तैनाती की प्रक्रिया पूरी तरह से बंद होनी चाहिए।
मीडिया प्रभारी पुनीत शर्मा ने कहा कि संविदा कर्मचारियों को स्थाई समायोजन और नवीन पद सृजित कर तैनाती की जानी चाहिए। जिले भर के स्वास्थ्य केंद्रों पर तैनात कर्मचारी हड़ताल में शामिल होकर आवाज बुलंद कर रहे हैं। हड़ताल से जिला अस्पताल महिला चिकित्सालय टीबी हास्पिटल के साथ ही सीएचसी व पीएचसी पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। संघ के सलाहकार फहीम अहमद ने बताया कि राज्य कर्मचारी संघ सहित तमाम संगठन के लोगों ने समर्थन दे दिया है।
प्रदेश व्यापी हड़ताल में डॉक्टर आशा कार्यकर्ता एएनएम कंप्यूटर ऑपरेटर काउंसलर बीपीएम बीसीपीएम राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत  स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न पदों  पर तैनात कर्मी व चिकित्सक भी कार्य बहिष्कार कर हड़ताल में शामिल हो गए हैं। मोहम्मद हारून ने कहा कि आज लखनऊ में दूर दूर से आये संविदा कर्मचारी एकजुट होकर धरना प्रदर्शन करेंगे जिससे सरकार की आंखे खुल सके और संविदा कर्मचारी को उनका हक मिल सके।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *