[object Promise]
पडरौना,कुशीनगर : खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की एक पहल देवरिया जेल में बंद चार कैदियों के परिवारीजनों को खुशियों से भर देगी। विभिन्न मुकदमों की धाराओं में सजा काटने के बाद अर्थदंड चुकता नहीं कर पाने वाले चार गरीब कैदियों का जुर्माना विधायक ने जमा कराया है। इनमें तीन कैदी कुशीनगर और एक देवरिया जिले का है। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में इन कैदियों की रिहाई का रास्ता अर्थदंड जमा होने के बाद साफ हो गया है। देवरिया जेल अधीक्षक के अनुसार परवाना मिलते ही इनकी रिहाई हो जाएगी।
खड्डा विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने कार्यालय अधीक्षक जिला कारागार देवरिया को पत्र लिखकर देवरिया जेल में कुशीनगर जनपद के बंद ऐसे कैदियों की सूची मांगी थी, जो विभिन्न धाराओं में सजा काटने के बाद अर्थदंड चुकता नहीं करने के चलते जेल से रिहा नहीं हो पा रहे थे। विधायक के पत्र पर जेल अधीक्षक जिला कारागार देवरिया ने बताया कि कुशीनगर जनपद के हाटा कोतवाली क्षेत्र के मेन कस्बा निवासी भीम मद्धेशिया दो धाराओं में एक वर्ष का कारावास व पांच हजार रुपए का अर्थदंड की सजा काट रहा है। उसकी सजा पूरी हो चुकी है। अर्थदंड चुकता नहीं करने के चलते एक महीने का अतिरिक्त सजा काट रहा है। पडरौना कोतवाली के ओंकार वाटिका कालोनी निवासी अनवारुल हक दो साल का कारावास व 3 हजार रुपए का अर्थदंड की सजा काट रहा है। अर्थदंड चुकता नहीं करने पर दो महीने का अतिरिक्त सजा काट रहा है।
रामआशीष कुमार उर्फ मुन्ना निवासी नारायणपुर थाना सेकहपुर जिला दरभंगा बिहार दो धाराओं में एक साल का सश्रम कारावास व 3 हजार रुपए का अर्थदंड की सजा काट रहा है। अर्थदंड के अभाव में दो माह की सजा काट रहा है। इसके अलावा देवरिया कोतवाली के कसया ढ़ाला रामगुलाम टोला निवासी दुर्गेश पटेल दो धाराओं में छह महीना व 5 हजार रुपए अर्थदंड की सजा काट रहा है। अर्थदंड जमा नहीं करने पर 15 दिन का अतिरिक्त सजा काट रहा है।
इसकी जानकारी मिलने पर विधायक ने भीम, रामआशीष व अनवारुलहक के अर्थदंड की रकम कुशीनगर में जमा कराया। इसमें मानव सेवा संस्थान के निदेशक राजेश मणि व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश पांडेय ने सक्रिय भूमिका निभाई। साथ ही दुर्गेश का 5 हजार रुपए का अर्थदंड देवरिया में जमा कराने की प्रक्रिया की। न्यायालय से इन कैदियों का परवाना जेल में पहुंचने के बाद इनकी रिहाई होगी।
Leave a Reply