अवैध धन उगाही को लेकर मुख्यमंत्री सख्त , बोले, ऐसे दागी लोगों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

[object Promise]

वाराणसी । फ्लाईओवर हादसे के बाद विकास कार्यों व कानून-व्यवस्था की समीक्षा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर रविवार को तल्ख थे। उन्होंने अफसरों को दो टूक आदेश दिया कि भ्रष्टाचार में लिप्त अफसरों व कर्मियों को सीधे बर्खास्त करें। पुलिसकर्मियों और राजस्वकर्मियों द्वारा की जा रही वसूली की शिकायतों पर सीएम ने नाराजगी जताई। बोले, ऐसे दागी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।
कमिश्नरी सभागार में समीक्षा बैठक में सीएम ने अधिकारियों को समय से काम पूरा करने के लिए चेतावनी दी। उन्होंने शनिवार रात्रि प्रवास के दौरान आधी रात को विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया था। फ्लाईओवर निर्माण के दौरान हुए हादसे को लेकर योगी ने सीधे चेतावनी दी कि यदि किसी विभाग ने कार्यस्थल पर लापरवाही बरती तो फिर खुद को नौकरी से बाहर समझे। जनता की सुरक्षा सरकार की पहली जिम्मेदारी है और लापरवाह अफसरों की प्रदेश में कोई जगह नहीं है। कहा कि 10 दिन बाद फिर आएंगे और काम की रफ्तार देखेंगे। बैठक में राज्यमंत्री डा. नीलकंठ तिवारी समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सीएम ने कहा, विश्वनाथ मंदिर कॉरीडोर को लेकर अभी भी काशी के लोगों के मन में संशय है। कॉरीडोर से संबंधित प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी लोगों को नहीं है। विश्वनाथ कॉरीडोर के काम में तेजी लाने के साथ ही लोगों का भ्रम दूर करिए कि वास्तव में यहां क्या बन रहा है, कौन लोग प्रभावित हो रहे हैं, प्रभावित लोगों को सरकार की तरफ से क्या सुविधाएं मिलेंगी।

अवैध धन उगाही को लेकर मुख्यमंत्री काफी सख्त दिखे। कहा कि शहर के चौराहों पर पुलिस अवैध वसूली कर रही है तो गांव में लेखपाल से लेकर अन्य राजस्वकर्मी। पुलिस और लेखपालों की वसूली की शिकायतें लगातार मिल रही है। काशी की गरिमा का ध्यान रखें और हर हाल में वसूली बंद कराएं। वसूली की शिकायतें बंद नहीं हुई तो कार्रवाई तय है। थानों में फरियादियों की सुविधा को लेकर योगी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक थाने पर फरियादियों के लिए पीने का पानी और बैठने की व्यवस्था हो।

इससे पहले मुख्यमंत्री ने सुबह सेंट्रल जेल में क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने आजाद को याद करने के साथ उनके कदमों पर चलने का आह्वान किया।

बनारस के बाद गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आधा दर्जन परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। नुमाइश मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां और आगामी योजनाएं गिनाईं तो पूर्ववर्ती सरकारों की कार्यशैली को जमकर कोसा। उन्होंने कहा कि केवल योजना बनाने से विकास कार्य नहीं होता, इसके लिए मंशा और ईमानदारी भी होनी चाहिए। पूर्ववर्ती सरकारों में मंशा और ईमानदारी का नितांत अभाव रहा, जिसका खामियाजा देश और प्रदेश की जनता को झेलना पड़ा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि महत्वाकांक्षी और बहुप्रतीक्षित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन अगले महीने होगा। इसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं आएंगे। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से वाराणसी, इलाहाबाद के साथ-साथ गोरखपुर को भी जोड़ा जाएगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *