नई दिल्ली। मीडिया में आई एक रिपोर्ट के हवाले से लगाए गए कांग्रेस के आरोपों को बीजेपी ने ख़ारिज कर दिया है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता येदियुरप्पा ने इन आरोपों को ‘आधारहीन, बेमतलब और छवि धूमिल करने वाला’ बताया है। उनके अनुसार, कांग्रेस को एहसास हो गया है कि 2019 का चुनाव शुरू होने से पहले ही वो हार गई है, इसलिए वो ऐसा कर रही है।
उन्होंने धमकी दी है कि अगर आरोप वापस नहीं लिए जाते तो वो मानहानि का मुकदमा करेंगे। कांग्रेस ने शुक्रवार को एक खबर का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कर्नाटक का मुख्यमंत्री रहते हुए बी एस येदियुरप्पा ने भाजपा के शीर्ष नेताओं को 1800 करोड़ रुपये की रिश्वत दी जिसकी जांच लोकपाल से होनी चाहिए।
पार्टी ने यह भी कहा कि ‘येदियुरप्पा डायरी’ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जवाब देना चाहिए। भाजपा ने कांग्रेस के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि यह कथित डायरी उतनी ही विश्वसनीय है जितना राहुल गांधी का नेतृत्व कौशल विश्वसनीय है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मामले को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि सत्तारुढ़ पार्टी के सारे ‘चौकीदार’ चोर हैं।
गांधी ने एक खबर शेयर करते हुए ट्वीट किया कि भाजपा के सारे चौकीदार चोर हैं।पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने एक पत्रिका में छपी खबर का हवाला दिया और संवाददाताओं से कहा, ‘‘येदियुरप्पा की डायरी के रूप में खबर सामने है। हमने भी 14 फरवरी, 2017 को येदियुरप्पा और तत्कालीन केंद्रीय मंत्री अनंत कुमार की बातचीत वाला एक वीडियो जारी किया था।
जिसमें स्पष्ट था कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को रिश्वत दी गई उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री रहने के दौरान 2690 करोड़ रुपये वसूले गए और इसमें से 1800 करोड़ रुपये भाजपा नेतृत्व को पहुंचाये गये। कांग्रेस नेता ने सवाल किया कि क्या यह सच नहीं है कि येदियुरप्पा की तरफ से भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को पैसे दिए गए? जब आयकर विभाग ने इस डायरी की जांच की अनुशंसा की थी तो फिर कोई कदम क्यों नहीं उठाया गया?
Leave a Reply