कांग्रेस ने लिंगायत और दलित समुदाय का किया अपमान, कर्नाटक को एटीएम की तरह करेगी इस्तेमाल- भाजपा

भाजपा ने कर्नाटक में सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री और डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री बनाने के कांग्रेस आलाकमान के फैसले की आलोचना करते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस ने राज्य के लिंगायत और दलित समुदाय का अपमान किया है। इसके साथ ही भाजपा ने यह भी आरोप लगाया है कि कांग्रेस अब कर्नाटक को भी एटीएम की तरह ही इस्तेमाल करेगी।

भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने कांग्रेस के फैसले की आलोचना करते हुए ट्वीट कर कहा कि, पहली बार कर्नाटक में एक ऐसी सरकार होगी जो न तो उप-क्षेत्रीय आकांक्षाओं का प्रतिनिधित्व करती है और न ही राज्य के प्रमुख समुदायों का। मनोनीत मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, दोनों नेता दक्षिण कर्नाटक से आते हैं।

मालवीय ने कांग्रेस पर लिंगायत और दलित समुदाय का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पहली बार कर्नाटक में शक्तिशाली लिंगायत समुदाय या अनुसूचित जाति से कोई प्रतिनिधित्व नहीं होगा। कांग्रेस पर जानबूझकर एमबी पाटिल और जी परमेश्वर को छोड़ देने का आरोप लगाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि इन दोनों को उपमुख्यमंत्री बनाया जा सकता था लेकिन कांग्रेस इन दोनों वरिष्ठ नेताओं और इनके समुदायों को अपमानित करने पर तुली हुई है।

कांग्रेस पर अब कर्नाटक को एटीएम की तरह इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मालवीय ने एक कार्टून भी शेयर किया जिसमें यह दावा किया गया है कि भ्रष्टाचार के मामले में सिद्धारमैया पर 50 आरोप और डीके शिवकुमार पर 19 आरोप हैं। उन्होंने इसे भ्रष्टाचार की जीत करार देते हुए कहा कि सिद्धारमैया एक प्लेसहोल्डर सीएम तक ही सिमट कर रह जाएंगे और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ही सरकार चलाएंगे,ज्यादातर मंत्रियों को नियुक्त करेंगे और दिल्ली में गांधी परिवार को खुश करने के लिए कर्नाटक को एक एटीएम के तौर पर सीमित कर देंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *