इंग्लैंड ने 5 विकेट से द.अफ्रीका को हराया, 86 रन की तूफानी पारी खेली बेयरस्टो ने…

[object Promise]

नई दिल्ली। इंग्लैंड की टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज जीत के साथ किया है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ने फाफ डु प्लेसिस के अर्धशतक के दम पर 6 विकेट पर 179 रन का स्कोर खड़ा किया। जवाब में इंग्लैंड की टीम ने जॉनी बेयरस्टो 86 की तूफानी पारी की बदौलत 5 विकेट खोकर 19.5 ओवर में जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। बेयरस्टो की शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।

पहले बल्लेबाजी करने उतरी साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और पहले ही ओवर में ओपनर तेंबा बवुमा अपना विकेट गंवा बैठे। कप्तान क्विंटन डि कॉक और पूर्व कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने पारी को संभाला। दोनों ने स्कोर को 83 रन तक पहुंचाया और इसी स्कोर पर डि कॉक 30 रन के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद अर्धशतक जमाने वाले डु प्लेसिस को सैम कुर्रन ने आउट किया।

वान डेर डुसेन ने कुछ आकर्षक शॉट लगाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। निर्धारित 20 ओवर में 6 विकेट पर साउथ अफ्रीका ने 179 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए सैम कुर्रन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट हासिल किए जबकि जोफ्रा आर्चर, टॉम कुर्रन और क्रिस जॉर्डन को एक-एक सफलता मिली।

खराब शुरुआत के बाद भी जीती इंग्लैंड

लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की शुरुआत भी कुछ खास नहीं रही और दूसरी ही गेंद पर जेसन रॉय को डेब्यू मैच खेल रहे जॉर्ज डिंगा ने आउट कर दिया। रॉय बिना खाता खोले आउट हुए तो जोस बटलर महज 7 रन बनाकर लुंगी एंगिडी के शिकार हुए। इसके बाद डाविड मालान भी जल्दी ही अपना विकेट गंवा बैठे। 34 रन पर तीन विकेट गंवाने के बाद बेन स्टोक्स ने जॉनी बेयरस्टो के साथ पारी को संभाला।

बेयरस्टो ने छक्के से दिलाई जीत

स्टोक्स 37 रन बनाकर आउट हुए लेकिन बेयरस्टो ने अपना खेल जारी रखा। महज 48 गेंद पर 86 रन की नाबाद पारी खेलते हुए उन्होंने टीम की जीत पक्की की। एंगिडी के आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर शानदार छक्का लगाते हुए बेयरस्टो ने इंग्लैंड को जीत दिलाई। इससे पहले चौथी गेंद पर उन्होंने चौका जड़ा था।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *