यूपी की होगी अहम भूमिका भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में : योगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में उत्तर प्रदेश की महत्वपूर्ण भूमिका हो सकती है और अपने व्यापार को आगे बढ़ाने में यह प्रदेश सफल हो सकता है। डिफेंस एक्सपो, 2020 में गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी ने यूपीडा और फिक्की द्वारा आयोजित सेमिनार को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “हमारी पॉलिसी दूसरे राज्यों से काफी अच्छी है और यह आपको यहां निवेश के लिए आकर्षित करेगी। उत्तर प्रदेश निवेश की अपार संभावनाओं को आगे बढ़ाने का एक अवसर प्रदान करता है। आगे चलकर भारत को रक्षा उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में यूपी की होगी अहम भूमिका होगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के अंदर बन रहे ईस्टर्न और वेस्टर्न गलियारे उत्तर प्रदेश से होकर जा रहे हैं। दोनों का जंक्शन भी उत्तर प्रदेश के बुराड़ी में है। यहां निवेश करने वाले निवेशकों को इसका लाभ मिलेगा।

योगी ने कहा, “उत्तर प्रदेश में हम लोग 17 शहर ‘स्मार्ट एंड सेफ सिटी’ के रूप में विकसित करेंगे। इनके अंदर इंटिग्रेटेड कमांड और कंट्रोल सेंटर स्थापित किए जाएंगे। यहां पर निवेश की अपार संभावनाएं होंगी।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी औद्योगिक संस्थान को अपने आपको साबित करना है, तो उसके लिए भी यहां अच्छे अवसर हैं। राष्ट्रीय राजधानी से सीधा जुड़ाव होने के कारण उत्तर प्रदेश की रोड कनेक्टिविटी बहुत अच्छी है और दुनिया से जुड़ाव के लिए एयर कनेक्टिविटी भी बहुत अच्छी है।

योगी ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में अवस्थापना सुविधाओं का विकास तेजी से कर रही है। बड़े पैमाने पर एक्सप्रेसवेज की स्थापना की जा रही है। वर्तमान में पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे का कार्य प्रगति पर है और इसे जनता के लिए वर्ष 2020 के अंत तक खोल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर भी निर्माण कार्य इसी महीने से शुरू कर दिया जाएगा। इसके अलावा, मेरठ से प्रयागराज तक गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए सर्वे का कार्य पूरा किया जा चुका है। इस वर्ष के अंत तक इसका निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को 5 ट्रिलियन डॉलर बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सपने को पूरा करने में उत्तर प्रदेश अहम भूमिका निभाएगा। उत्तर प्रदेश लगातार विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। यूपी में रेल, एयर और रोड की बेहतर कनेक्टिविटी और क्लीयरेंस का सिंगल विंडो सिस्टम बेहतर कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा, “यूपी के सीएम सक्षम कैप्टन के रूप में कार्य कर रहे हैं, इसलिए यूपी में अब निवेशकों को कोई परेशानी नहीं होगी।”

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *