कुशीनगर का दोहरा हत्याकांड : दो दोस्तों की नृशंस हत्या के मामले में आया नया मोड़,आईजी ने खड्डा पुलिस की जांच में पाई कमियां

[object Promise]
 पडरौना,कुशीनगर । जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के ग्राम बंधूछपरा में सोमवार की रात हुई दो दोस्तों की नृशंस हत्या के मामले में विधायक जटाशंकर त्रिपाठी की पहल व डीजीपी ओपी सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को आईजी जयनारायण सिंह मृतकों के गांव पहुंचे। मृतक राजकुमार के विवादित भूमि का अवलोकन किया तो वहीं दोनों शोकाकुल परिवारों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए तीन दिन के भीतर इस दोहरे हत्याकांड से जुड़ी सभी सच्चाई सामने आ जाने की बात कही। मौके पर मृतक टुनटुन उर्फ इस्माइल के परिवारीजनों ने पुलिस की जांच कार्रवाई पर ही सवाल उठा दिया। इस मामले में पुलिस ने गुरुवार को नामजद सात आरोपियों में से पांच को जेल भेज दिया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।
खड्डा क्षेत्र के बंधूछपरा गांव निवासी राजकुमार की बेरहमी से गला काटकर हत्या कर दी गई थी। उसका सिर हत्यारे साथ लेकर चले गए थे। वहीं उसके दोस्त टुनटुन की गोली मारकर हत्या की गई थी। इस दोहरे हत्याकांड को लेकर विधायक जटाशंकर त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसकी एसआईटी से जांच कराने की मांग की थी। 24 घंटे के अन्दर डीजीपी के निर्देश पर गोरखपुर जोन के आईजी जयनारायण सिंह,एसपी राजीव नारायण मिश्र व अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ शुक्रवार की दोपहर बाद बंधूछपरा गांव के आरएसएस कार्यकर्ता मृतक राजकुमार के घर पहुंचे। वहां उन्होंने विवादित भूमि का निरीक्षण करने के बाद मृतक के पिता चन्द्रिका व उसके अन्य परिवारीजनों से मिलकर सांत्वना दी। साथ ही उन्होंने विवादित भूमि के कागजात को देखा।
रोते-बिलखते परिवारीजन व स्थानीय लोगों ने इस मामले को बढ़ावा देने का आरोप पूर्व प्रभारी निरीक्षक सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर लगाया। आईजी ने पीड़ित परिवारीजनों को पूर्ण न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद वे इसी गांव के दूसरे मृतक इस्माइल उर्फ टुनटुन के घर पहुंच उसके पिता मजनू से मिले। मृतक टुनटुन के परिवारीजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब दूसरे युवक का सिर नहीं मिला तो पुलिस कैसे कह सकती है कि सिर कटी लाश राजकुमार की है। इसके बाद इस दोहरे हत्याकांड की जांच प्रक्रिया में नया मोड़ आ गया है। इस पर आईजी श्री सिंह ने खड्डा पुलिस द्वारा दोहरे हत्याकांड की जांच को अधूरा करार दिया है। कहा कि जांच में बहुत सी कमियां हैं। कई अन्य बिन्दुओं पर जांच आवश्यक है। मृतक की डायरी भी जांच का एक बिन्दु है।
मृतक राजकुमार के शव का होगा डीएनए टेस्ट
आईजी जोन ने पुलिस की जांच पर सवाल उठाए जाने के बाद कहा कि मृतक के शव की जांच के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। साथ ही पूर्व में तैनात पुलिस कर्मियों के क्रियाकलाप की जांच एसपी नार्थ के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा कराई जाएगी। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई तय है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *