दिग्विजय सिंह के खिलाफ मध्‍य प्रदेश में मंदिरों के बाहर लगाए गए ‘नो एंट्री’ के पोस्‍टर

[object Promise]

विवादास्‍पद बयानों के मशहूर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह की मंदिर में दुष्‍कर्म के बयान के बाद आलोचना हो रही हैं। मध्‍य प्रदेश में उनके बयान की निंदा करते हुए कई मंदिरों के बाहर दिग्विजय सिंह के खिलाफ पोस्टर लगा दिए गए हैं। इसमें उन्हें मंदिरों में प्रवेश न देने की मांग की गई है। ज्ञात हो कि दिग्विजय सिंह ने दुष्‍कर्म के मामलों में भगवाधारियों के लिप्त होने पर सवाल उठाया था। बाद में दिग्विजय सिंह ने बैकफुट पर आते हुए अपने बयान पर सफाई दी है।

भोपाल में लगाए गए गए पोस्‍टर

भोपाल के परशुराम मंदिर के बाहर लगे पोस्टर में लिखा गया है, ‘हिंदू समाज की यही पुकार, हिंदू विरोधी दिग्विजय सिंह के लिए मंदिरों के दरवाजे बंद हों बंद हों। निवेदक- हिंदू समाज’। इस पोस्‍टर में क्रास किया दिग्विजय सिंह का फोटो है। यह स्‍पष्‍ट नहीं है कि यह पोस्‍टर किसने लगाया है।

संत समागम में दिया था बयान

ज्ञात हो कि भोपाल में मंगलवार को एक संत समागम के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा था कि भगवा वस्त्र पहनकर लोग चूरन बेच रहे हैं। भगवा वस्त्र पहनकर दुष्‍कर्म हो रहे हैं। मंदिरों में दुष्‍कर्म हो रहे हैं। ऐसे कृत्यों को माफ नहीं किया जा सकता।

दिग्विजय सिंह ने कुछ ऐसे दी सफाई

लोगों की प्रतिक्रि‍या सामने आने के बाद दिग्विजय सिंह को भी अपने बयान पर सफाई देनी पड़ी। दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि हिंदू संत हमारी सनातन आस्था का प्रतीक हैं, इसलिए उनसे उच्चतम आचरण की अपेक्षा है। अगर संत वेश में कोई भी गलत आचरण करता है तो उसके खिलाफ आवाज उठनी ही चाहिए। सनातन धर्म, जिसका मैं स्वयं पालन करता हूं, उसकी रक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी ही है।

भाजपा का पलटवार

दिग्विजय के बयान पर भाजपा हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी दिग्विजय पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी अब कांग्रेस में भी कोई नहीं सुनता है। जावड़ेकर ने कहा कि दिग्विजय सिंह जो बोलते हैं, उस पर कांग्रेस में भी कोई प्रतिक्रिया नहीं देता, तो हम क्यों कुछ बोलेंगे। जावड़ेकर ने आगे कहा कि उनकी मानसिकता हमेशा से ऐसी ही रही है मुंबई ब्लास्ट के बाद भी, यह ऐसे ही बोलते रहते हैं।

उनके विवादास्‍पद बयान ‍

1 सितंबर को दिग्विजय सिंह ने भिंड में दावा किया था कि मुसलमानों से अधिक यह गैर-मुस्लिम हैं जो आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे हैं। बजरंग दल, भाजपा आईएसआई से पैसे ले रहे हैं। इस पर ध्यान दिया जाना चाहिए। गैर-मुस्लिम पाकिस्तान के आईएसआई के लिए मुसलमानों से ज्यादा जासूसी कर रहे हैं। इसे समझा जाना चाहिए।

 

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *