CM योगी नसीहत देते रहे, पूछते रहे क्यों हो रहे अपराध…! अफसर सोते रहे, यह है UP Police का अनोखा अंदाज, सोने में मस्त पुलिस अधिकारी, देखें फोटो

[object Promise]

लखनऊ। यूपी 100 भवन में आयोजित सम्मेलन में मुख्यमंत्री अफसरों को नसीहत दे रहे थे कि पुलिस वाले जनता का बल बनें, उनके लिए बला न बनें, लेकिन इस दौरान सम्मेलन में मौजूद पुलिस के आलाधिकारी और पुलिस मुखिया नींद के आगोश में खोकर सपनों की दुनिया में गोते लगा रहे थे।

नींद का ऐसा चक्र चला कि, डीजीपी ओपी सिंह, मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय और तमाम आईपीएस अफसर इसके जद में आ गए। पुलिस अफसरों के इस गैरजिम्मेदाराना रवैये पर आला अधिकारी कोई भी टिप्पणी करने से कतराते रहे।

उत्तर प्रदेश पुलिस के आलाधिकारी सीएम योगी की बात और उनके निर्देशों को कितना सिरियसली लेते हैं इसकी कुछ तस्वीरें पुलिस वीक कार्यक्रम के दौरान सामने निकल कर आई हैं।

पुलिस वीक कार्यक्रम के दौरान जब सीएम योगी पुलिस कर्मियों को संबोधित कर रहे थे तो कुछ आलाधिकारी चिर निद्रा का सुख ले रहे थे। कुछ तो मुंह खोलकर जम्हाई ले रहे थे तो कुछ कुर्सी को बेड समझकर खर्राटे भर रहे थे। लेकिन सिर्फ इन अफसरों की गलती मान ली जाए तो गलत होगा, क्योंकि जब उनके मुखिया मतलब डीजीपी साहब खुद नींद की मस्ती में मस्त हो रहे हो तो छोटे अफसरों की चांदी हो ही जाती है।

कार्यक्रम में पुलिस को संबोधित करते हुए आगे सीएम योगी ने कहा पुलिस को अपने मानवीय चेहरे को सुधारने की भी जरूरत है। उन्होंने दोहराया कि खराब छवि तथा अपराधियों से साठगांठ रखने वाले इंस्पेक्टर को थाने की जिम्मेदारी न दें।

जहां बार-बार घटनाएं हो रही हैं उन पर भी कार्रवाई करें। आप लोगों ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा काम करने वाले पुलिस कर्मियों को भी प्रोत्साहित करना चाहिए। हम अच्छे कामों को कैसे हाईलाइट कर सकें, इसके बारे में भी काम करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि ऐसा न हो काम दूसरे किसी राज्य की पुलिस ने किया हो और आप उसे अपना बता कर प्रचारित करने लगें। इससे आपकी ही फजीहत होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी-कभी किसी खराब पुलिस अधिकारी की पोस्टिंग हो जाती है। जब उसके खिलाफ कार्रवाई होती है तो संबंधित जिले के लोग भगवान को प्रसाद चढ़ाते हैं कि ‘चलो मुक्ति मिली’।

इसी तरह अच्छा काम करने वाले अफसरों के तबादले पर भी लोग बताते हैं कि साहब वह अच्छा अफसर था, उसे कुछ दिन और रहने देते।

यूपी पुलिस वीक 2018 के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान आराम फरमा रहे अफसरों की यह तस्वीर इस बात को झुठला रही है कि वह सीएम के संबोधन को ध्यान से सुन रहे हैं.।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *