कानपुर, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ग्रीनपार्क में नए साल की शुरुआत में खेल मंत्री उपेंद्र तिवारी स्टेडियम का निरीक्षण कर सकते हैं। निरीक्षण के दौरान खेल मंत्री नए हॉस्टल का भूमि पूजन व न्यू प्लेयर पवेलियन का लोकार्पण भी करेंगे। इसके साथ ही वे शूटिंग रेंज, अत्याधुनिक जिम के साथ कई योजनाओं को हरी झंडी दिखा सकते हैं। खेल विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक खेलमंत्री आठ से दस जनवरी के बीच स्टेडियम का दौरा करेंगे। विभाग द्वारा इसकी योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि स्टेडियम परिसर में हाल में ही अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 80 बेड का नए छात्रावास के लिए सरकार द्वारा लगभग चार करोड़ का बजट जारी किया गया है, जिसका जल्द ही निर्माण शुरू होगा।
उप खेल निदेशक मुद्गिका पाठक के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम ग्रीनपार्क में लंबे समय से अत्याधुनिक छात्रावास को लेकर तैयारियां चल रही थी, जिसके लिए प्रदेश सरकार ने पिछले वर्ष 3.5 करोड़ का बजट जारी कर दिया था। जिसे बाद में बढ़ाकर लगभग चार करोड़ कर दिया गया है। 80 बेड के अत्याधुनिक छात्रावास का भूमि पूजन खेल मंत्री से कराकर निर्माण की प्रक्रिया शुरू होगी। संक्रमण काल के चलते काफी दिनों से उनका ग्रीनपार्क दौरा टल रहा था। भूमि पूजन के साथ ही वे अत्याधुनिक जिम व शूटिंग रेंज का निरीक्षण करने के साथ स्टेडियम के लिए कई लाभकारी योजनाओं को हरी झंडी भी दिखा सकते हैं।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैंस होगा नया स्टेडियम
ग्रीनपार्क में अभी सिर्फ 25 खिलाडिय़ों के रुकने की व्यवस्था है। अत्याधुनिक आवासीय छात्रावास के बन जाने के बाद से एक बार में 150 से ज्यादा खिलाड़ी ठहर सकेंगे, जिससे राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए ग्रीनपार्क के द्वार भी खुल जाएंगे।
Leave a Reply