पडरौना,कुशीनगर : कुशीनगर जिले की कुबेरस्थान और क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम के हाथ महत्वपूर्ण कामयाबी हाथ लगी है। ट्रक में बालू में छिपाकर तस्करी के जरिए बिहार ले जाई जा रही 350 पेटियों में रखी 16800 शीशी अंग्रेजी शराब पुलिस टीम ने पडरौना-तमकुहीरोड मार्ग पर सेमरा हर्दो चौराहे के पास पकड़ी है। बरामद शराब 20 लाख की बताई जा रही है। हालांकि इस दौरान तस्कर फरार होने में कामयाब रहे।
क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम को सूचना मिली की तस्कर ट्रक पर बालू में छिपाकर भारी मात्रा में शराब बिहार प्रांत की ओर ले जा रहे हैं। इस पर स्वाट टीम ने इसकी सूचना कुबेरस्थान पुलिस को देते हुए ट्रक के पीछे लग गयी।
सूचना पर हरकत में आते हुए कुबेरस्थान पुलिस सेमरा हर्दो चौराहे के पास घेराबंदी कर ट्रक का इंतजार करने लगी। इस दौरान पहुंचे ट्रक को संदेह के आधार पर पुलिस ने जब ट्रक चालक को हाथ के इशारे से रुकने को कहा तो चालक तेजी से ट्रक को आगे लेकर जाकर ट्रक छोड़कर भाग निकला। चालक के साथ ही उसमें सवार अन्य तस्कर भी भाग निकले। इस दौरान पीछे से स्वाट टीम भी मौके पर पहुंच गयी। ट्रक की तलाशी ली गयी तो बालू में छिपाकर रखा गया 350 पेटी शराब बरामद हुआ।
शराब की कीमत लगभग 20 लाख होने की संभावना जतायी जा रही है। पांच दिनों के भीतर शराब बरामदगी के मामले में पुलिस को यह तीसरी बड़ी सफलता मिली है। बीते 14 जून को तरयासुजान पुलिस ने 840 पेटी एवं सोमवार को कसया पुलिस ने भी 720 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की थी।
Leave a Reply