वाराणसी, मिर्जामुराद थाना पर सोमवार की दोपहर एडीजी (जोन) व एसएसपी पहुंचे। किसान आंदोलन को देखते हुए अधिकारियों ने किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं को सुनने के बाद पुलिसकर्मियों संग विभागीय बैठक कर उनके द्वारा किए गए कार्योंं की जानकारी लेने के साथ ही कागजी अभिलेखों की जांच कर अपराध नियंत्रण हेतु मातहतों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। महिला हेल्प डेस्क कक्ष का निरीक्षण किए।
एडीजी (जोन) बृजभूषण व एसएसपी अमित पाठक ने किसानों से पुलिस गश्त, पशुतस्करी, चोरी, जुआ समेत खेती-किसानी और पशुपालन पर विस्तृत रूप से चर्चा कर जानकारी लेकर सुझाव लिए। किसानों ने नहर में पानी न आने का दुखड़ा सुनाने के साथ छुट्टा पशुओंं व नीलगाय के आतंक समेत हाइवे पर कट बनाने की बात रखी।
इसके बाद गौर गांव (मिर्जामुराद) की महिला ग्रामप्रधान सरोज सिंह के सहयोग से सौंदर्यीकरण कराए गए थाना में बने महिला हेल्प डेस्क कक्ष का भी अधिकारियों ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर सीओ नितेश प्रताप सिंह, थानाप्रभारी सुनीलदत्त दुबे समेत ग्रामप्रधान प्रतिनिधि व किसान नारायण प्रताप सिंह, अशोक सिंह, रूपनारायण पटेल, रामशखा त्रिपाठी, सुरेश राठौर, धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पन्नालाल पटेल, श्यामलाल मौर्य समेत अन्य उपस्थित रहे।
Leave a Reply