नई दिल्ली । देश में लॉकडाउन के बीच कोरोना वायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंटे में अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा सामने आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी आकंड़ों के मुताबिक 24 घंटे में कोरना पॉजिटिव के 1035 नए मामले सामने आए और 40 लोगों की मौत हुई है। इसी के साथ देशभर में कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 7447 हो गई है। जिसमें 6565 सक्रिय हैं, 643 स्वस्थ हो चुके हैं या उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है और 239 लोगों की मौत हो गई है। आज राजस्थान में 18, उत्तर प्रदेश में छह और झारखंड में तीन नए मामले आए हैं।
भारत में कोरोना के नए मामलों का शुक्रवार को नए शिखर पर पहुंचा था। गुरुवार को जहां पहली बार एक दिन में कोरोना के मामलों ने सात सौ का आंकड़ा पार किया था। वहीं, शुक्रवार को देश भर में कोरोना के संक्रमितों की संख्या साढ़े 7 हजार पहुंच गई। तब कोरोना के 859 मामले दर्ज किए गए, जो एक दिन में कोरोना संक्रमण का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा था।
आज सभी CM से बात करेंगे PM
देशव्यापी लॉकडाउन को आगे बढ़ाने या हटाने पर आज फैसला हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात करेंगे। बुधवार को सभी दलों के प्रतिनिधियों के साथ मीटिंग में पीएम ने कहा था कि वह देश भर में लागू लॉकडाउन की समय सीमा में परिवर्तन पर फैसला लेने से पहले सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से एक बार और बात करेंगे। इससे पहले भी प्रधानमंत्री सभी मुख्यमंत्रियों के साथ मीटिंग कर चुके हैं।
कोरोना काल में सोशल डिस्टेंसिंग में लापरवाही के किस्से तो बहुत देखे होंगे, लेकिन केरल के एक बेघर गरीब का वीडियो पूरी दुनिया को सिखा रहा है कि कैसे सोशल डिस्टेंसिंग के जरिए इस वायरस को फैलने से रोका जा सकता है। खाना देने आई पुलिस को ये गरीब जिस तरह पीछे हटने को कहता है और अपनी शर्ट से मुंह को ढक लेता है, वो तारीफ के काबिल है। आप भी देखिए-
लंबी चलेगी कोरोना से लड़ाई
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा है कि कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई में अभी 20 से 22 दिन और लगने हैं। कई राज्यों ने भी अपने यहां 15-15 दिन की मियाद बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कोरोना ऐसा संकट है, जिसका अभी अता-पता अभी नहीं है। दिसंबर में यह शब्द सुना गया और चीन से इसकी शुरूआत हुई। इटली, स्पेन में विस्तार होता गया और ब्रिटेन, फ्रांस इन देशों में होता हुआ संकट हमारे सामने आया। दो सप्ताह में विश्व में यह संकट बढ़ा है। दो सप्ताह पहले छह लाख केस थे, आज 16 लाख हो गए थे। तीस हजार मृत्यु थी अब एक लाख हो गई। दो सप्ताह में इस बीमारी का प्रकोप तेजी से फैला है।
PMO ने की मीटिंग
प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में शुक्रवार को अधिकारियों की एक उच्चाधिकार प्राप्त समूहों की बैठक हुई। देश में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता, सप्लाई चेन, लॉजिस्टिक्स का प्रबंधन, जरूरतमंद लोगों के लाभ के लिए किए गए प्रयासों, किसानों को फसल कटाई में सामाजिक दूरी बनाए रखने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
Leave a Reply