वाराणसी। वाराणसी में रेलवे स्टेशन के निकट एक विवादित होर्डिंग लगे होने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इंग्लिशिया लाइन क्रॉसिंग पर लगे होर्डिंग में लिखा है कि हिंदू धर्म में घर वापसी करो.. सीएए, एनआरसी से छुटकारा पाओ। पुलिस निरीक्षक आशुतोष ओझा ने कहा कि भारतीय दंड संहिता की धारा 295ए और 505 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
उन्होंने कहा कि मामले में जांच शुरू कर दी गई है और होर्डिंग मामले में संलिप्त जो भी लोग शामिल होंगे, उनकी जल्द पहचान की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, व्यस्ततम मार्ग पर एक गुमनाम संगठन हिंदू समाज पार्टी ने यह होर्डिंग लगाया था।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष रोशन पांडे ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल कर दिया था, जिसमें उन्होंने नई दिल्ली के शाहीन बाग में चल रहे प्रदर्शन के जवाब में यह होर्डिंग टांगने का दावा किया था। होर्डिंग में भगवा पगड़ी में कुछ मुस्लिम महिलाओं की तस्वीरें भी थीं। पुलिस ने शनिवार शाम यह होर्डिंग हटा दिया।
दिल्ली स्थित शाहीन बाग चलने का आह्वान करने के लिए पांडे ने अपने समर्थकों के साथ लंका में धरना भी दिया था, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया। लंका के पुलिस निरीक्षक भारत भूषण ने कहा कि सभी लोगों को हिरासत में ले लिया गया और बाद में शुरुआती पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया।
Leave a Reply