अंबिकापुर । 26 जनवरी को अंबिकापुर के सरगुजा में, जहाँ एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ मिल कर युवा कॉन्ग्रेस नेता ओनिमेश सिन्हा को थप्पड़ मारा और चप्पल से पिटाई की। इस घटना के दौरान सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री शिव डहरिया भी वहां मौजूद थे।
अंबिकापुर के सर्किट हाउस में युवा कांग्रेस नेता ओनिमेश सिन्हा की एक महिला ने 2 बेटियों के साथ मिलकर पिटाई कर दी थी। इस घटना से कांग्रेसी नेता क्षुब्ध था। उसने पुलिस अधिकारियों पर उसकी तरफ से की गई शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया था। इसी बीच गुरुवार की सुबह ओनिमेश सिन्हा ने चूहामार दवा खा लिया। ओनिमेश सिन्हा ने फेसबुक पर एक पोस्ट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “मैं जा रहा हूँ साथियों भोलेनाथ के पास, अलविदा! मेरे जाने के बाद सत्य की जीत होगी अलविदा।”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़ सरगुजा स्थित शंकरगढ़ क्षेत्र की निवासी महिला ने आरोप लगाया था कि युवा कॉन्ग्रेस नेता ओनिमेश सिन्हा ने उनकी बड़ी बेटी को बंधक बनाया था। महिला ने इस घटना की शिकायत कोतवाली में की थी। इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़िता की माँ ने आईजी से भी शिकायत की थी।
26 जनवरी के मौके पर ओनिमेश सिन्हा छत्तीसगढ़ की कॉन्ग्रेस सरकार में मंत्री शिव डहेरिया से मिलने सरगुजा सर्किट पहुँचे। पीड़िता की माँ को इस बात की जानकारी मिली तो वह अपनी दो बेटियों के साथ वहाँ पहुँच गईं। पहुँचते ही उन्होंने युवा कॉन्ग्रेस नेता को सभी के सामने थप्पड़ जड़ दिया। उनके तेवर देख कर ओनिमेश को वहाँ से भागना पड़ा।
इस घटना की जानकारी मिलते ही एसपी टीआर कोशिमा मौके पर पहुँचे और उन्होंने हालात सामान्य कराए। इस बात से निराश होकर ओनिमेश ने गुरूवार की सुबह जहर खा लिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर्स का कहना है कि वह फ़िलहाल ख़तरे से बाहर हैं लेकिन उन्हें आईसीयू में रखा गया है।
कॉन्ग्रेस के अन्य नेताओं का कहना है कि ये वारदात ओनिमेश का राजनीतिक करियर ख़त्म करने की साजिश है। ये कॉन्ग्रेस नेता की छवि धूमिल करने और उन्हें साज़िश में फँसाने के लिए किया गया है। आरोप लगाने वाली महिला ने ओनिमेश सिन्हा की शिकायत मंत्री शिव डहेरिया से भी की।
उन्होंने आरोप लगाया कि ओनिमेश उनके मोहल्ले में घुस कर गाली-गलौच और मारपीट कर चुका है। उन पर पहले से ही तमाम आपराधिक मामले दर्ज हैं। महिला की सारी बातें सुनने के बाद शिव डहेरिया ने कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाएगी। परिजनों द्वारा उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से राजनीतिक गलियारे समेत शहर में खलबली मच गई है।
Leave a Reply