प्रयागराज, दीपावली का पांच दिवसीय पर्व धनतेरस से शुरू होगा। धनतेरस कल यानी गुरुवार को है। ऐसे में इस पर्व पर बिक्री के लिए प्रयागराज का बाजार पूरी तरह सज गया है। इस रोज खरीदारी के लिए ग्राहक भी इंतजार में हैं। इसके लिए दो और चार पहिया वाहनों, फ्लैटों, ज्वेलरी, इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बुकिंग पहले से ही लोगों ने करा ली है। अब इसकी डिलीवरी लोग गुरुवार को लेंगे, जिससे बाजार में धन वर्षा होगी। हर सेक्टर में मिलाकर धनतेरस पर करीब एक हजार करोड़ रुपए के कारोबार का अनुमान है।
दीपों के पर्व धनतेरस और दीपावली पर खरीदारी के लिए ग्राहकों को लुभाने के लिए कंपनियों ने पहले से ही आफरों की बौछार की हैं। इसी में सहालग भी शुरू है, इसलिए ऑफर का लाभ लेने के लिए लोग इसी मौके पर दो और चार पहिया वाहनों, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी, फर्नीचर, रजाई, गद्दे, ज्वेलरी, बर्तन, कपड़े आदि भी खरीद ले रहे हैं। इसकी वजह से कई महीनों से ठंडे चल रहे बाजार में एकाएक बूम आ गया है।
इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में पिछले साल की तुलना में करीब 15 से 20 फीसद ग्रोथ के दावे भी कारोबारी कर रहे हैं। दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी तेजी आई है। हालांकि, चार पहिया वाहनों की कुछ कंपनियों द्वारा डिमांड के मुताबिक गाड़ियों की आपूर्ति न कर पाने के कारण कारोबार करीब 75-80 फीसद तक होने का अनुमान है। फ्लैट और जमीन की बिक्री में भी तेजी आई है। बिल्डर्स पिछले महीनों की तुलना में 50 से 60 फीसद की वृद्धि मान रहे हैं।
सोने-चांदी का रेट काफी बढे़ होने के कारण लोग हल्के ज्वेलरी खरीदना पसंद कर रहे हैं। सामान्य तौर पर महिलाएं अंगूठी, कान की बाली, नथिया, पायल और बिछिया ही खरीद रहे हैं। उच्च क्लास की महिलाओें का ज्यादा जोर डायमंड की ज्वेलरी पर है।
कारोबारियों का मानना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म ने रिटेल व्यापार को काफी प्रभावित किया है। अन्यथा अनुमानित कारोबार से डेढ़ गुना तक ज्यादा की बिक्री धनतेरस पर रिटेल में होती। गाड़ियों को छोड़कर अन्य सामानों की बिक्री ग्राहक बड़े पैमाने पर ऑनलाइन प्लेटफार्म से भी कर रहे हैं।
Leave a Reply