GST बैठक स्थल पर प्रदर्शन कर रहे गोगोई, दूसरे कांग्रेसी नेता हिरासत में

GST बैठक स्थल पर प्रदर्शन कर रहे गोगोई, दूसरे कांग्रेसी नेता हिरासत में

 

 

असम के पूर्व मुख्यमंत्री तरूण गोगोई और अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं को गुरुवार प्रदेश पुलिस ने एक प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार कर लिया. ये लोग यहां एक होटल में चल रही जीएसटी परिषद की बैठक का विरोध कर रहे थे. गोगोई के अलावा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा, नेता विपक्ष देबब्रत सैकिया और पूर्व मंत्री रकीबुल हुसैन को भी गिरफ्तार किया गया.

गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त हिरेन चंद्र नाथ ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को बैठक स्थल के पास लागू धारा 144 के उल्लंघन पर गिरफ्तार किया गया. नाथ ने पीटीआई को बताया कि कांग्रेस जीएसटी परिषद के सामने प्रदर्शन करना चाहती थी. इसलिये उन्हें रोकना पड़ा. गिरफ्तार व्यक्तियों को बाद में निजी मुचलके पर जमानत दे दी गयी.

कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी ने शहर में होने वाली जीएसटी परिषद की बैठक का स्वागत किया था लेकिन उसके नेता और कार्यकर्ता 28 फीसदी के कर ढांचे को पूरी तरह खत्म करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.

प्रवक्ता ने कहा कि सरकार का व्यवहार स्तब्धकारी था. उन्होंने इस बात पर भी नाराजगी जाहिर की कि जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त गोगोई को पुलिस गिरफ्तारी के बाद सामान्य बस में लेकर गई. गुवाहाटी में आज से एक लग्जरी होटल में जीएसटी परिषद की दो दिवसीय बैठक हो रही है.

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *