डेस्क। गोरखपुर में मजदूरों ने सांसद रवि किशन के खिलाफ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिकायत कर अपनी परेशानी का समाधान मंगा है। मजदूरों ने आरोप लगाया है कि भाजपा सांसद ने अपने गोरखपुर वाले घर में गृह प्रवेश के दौरान काम करवाया पर उन्हें इसका कोई पैसा नहीं दिया गया।
बता दें कि बुधवार को जनता दरबार में मजदूरों ने सीएम योगी को प्रार्थना पत्र देते हुए अपनी शिकायत की।
जानिए पूरा मामला
प्रार्थना पत्र में मजदूरों ने बताया कि, “भाजपा सांसद रवि किशन ने अपने गोरखपुर वाले नए घर के गृह प्रवेश के दौरान हमसे काम करवाया था पर उस काम की मजदूरी अभी तक नहीं दी गई। उन्होंने कहां है कि अगर हमें पैसे नहीं मिले तो हम मजबूरन आत्मदाह कर लेंगे।” बता दें मजदूरों की शिकायत पर सीएम योगी ने जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मजदूरों का कहना है कि बकाया पैसा मांगने पर रवि किशन अपने सहयोगियों से पैसे लेने की बात कहते हैं जबकि उनके सहयोगी पैसा मांगने पर हमको धमकाते हैं। मजदूरों ने बताया कि पैसे मांगने पर सांसद के सहयोगी कहते हैं कि तुम लोगों को मारकर बंद करा देंगे।
रवि किशन ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
मजदूरों की सीएम योगी से पैसे की शिकायत के बाद रवि किशन का भी बयान देखने को मिला है। बता दें कि मामले पर सांसद रवि किशन का कहना है कि अगर किसी का पैसा बकाया है तो वो मुझसे आकर बात करे और अपना पैसा ले जाएं।
जानकारी के लिए बता दें कि सांसद रवि किशन ने गोरखपुर में नौकायान के पास नया घर बनवाया है। 11 जून को घर का गृह प्रवेश का कार्यक्रम था। मनोज निषाद, सुधीर जायसवाल, संदीप कुमार, विवेक पासवान, धीरज, गोलू पासवान, निखिल पासवान सहित 15 से 20 मजदूरों ने इसमें काम किया था। पैसे न मिलने पर मजदूरों ने योगी के जनता दरबार में गोरखपुर सांसद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
वैसे तो भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार कहे जाने वाले रवि किशन अक्सर अपने बयानों की वजह से विवाद का केंद्र बने रहते हैं। उन्होंने गोरखपुर लोकसभा सीट से 2019 में भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और जीत भी गए थे।
Leave a Reply