फाल्ट ठीक करते आ गई बिजली ,लाइनमैन झुलसा

[object Promise]

उपेन्द्र कुशवाहा

पडरौना,कुशीनगर :  तरयासुजान विद्युत उपकेन्द्र के बेदूपार फीडर के गड़हिया पाठक में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। गांव के चंवर में फाल्ट को ठीक करने के लिए शट डाउन लेकर पोल पर चढ़ा एक संविदा लाइनमैन हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर पोल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। झुलसकर नीचे तड़प रहे इस कर्मचारी को देख एक साइकिल सवार ने लोगों को सूचना दी और आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तरयासुजान पहुंचाया गया। सीएचसी में उसकी नाजुक हालत देख डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

तरयासुजान क्षेत्र के रामपुर बंगरा निवासी अनिल पटेल तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र पर संविदा पर लाइनमैन का काम करता है। बीते दो दिनों से बेदूपार फीडर के जमसड़िया, तिनफेड़िया व मैरवां आदि क्षेत्र की बिजली गुल थी। उपभोक्ताओं के दबाव में अनिल पटेल बुधवार को उपकेंद्र से शटडाउन लेकर फाल्ट ठीक करने के लिए गड़हिया पाठक के चंवर में पोल पर चढा था कि अचानक बिजली आपूर्ति शुरू हो गई।

करंट की चपेट में आकर अनिल पोल पर ही बुरी तरह झुलस गया और धड़ाम से नीचे गिर गया। संयोग से इसी गांव का छोटेलाल पाल तरयासुजान से बाजार कर साइकिल से घर लौट रहा था। उसने अनिल को तड़पता देख लोगो को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायल अनिल को सीएचसी तरयासुजान पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में भी उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस संबंध में सहायक अभियंता गुलरेज अली का कहना रहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *