शिमला। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि मैं आज इस देश के सभी नागरिकों से कहना चाहता हूं कि इस एक्ट में कहीं पर भी किसी की भी, माइनॉरिटी की भी नागरिकता छीनने का प्रावधान ही नहीं है।
लाखों-करोड़ों शरणार्थियों की कोई सुध नहीं ले रहा था। नरेन्द्र मोदी जी ने इनको नागरिकता देने की पहल की और नागरिकता संशोधन कानून बनाया है। बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जो अल्पसंख्यक भाई आए हैं, उन्हें नागरिकता देने का प्रावधान है। यह बात अमित शाह ने आज भाजपा की प्रदेश सरकार के दो साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस एंड कंपनी अफवाह फैला रही है कि नागरिकता संशोधन कानून से अल्पसंख्यक लोगों की नागरिकता जाने वाली है। मैं यहां से राहुल बाबा को चैलेंज देता हूं कि इस एक्ट में एक भी जगह किसी की भी नागरिकता लेने का प्रावधान है तो दिखाइए।
अमित शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का ऐसा राज्य है जिसके खाते में 4 परमवीर चक्र गए हैं। देश का पहला परमवीर चक्र भी हिमाचल के खाते में गया है। वीरों के ऐसे राज्य को मैं नमन करता हूं। आज हम यहां भाजपा की जयराम ठाकुर सरकार के 2 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एकत्र हुए हैं। भाजपा की परंपरा है कि जब जनता जनादेश देती है, तो हम हर वर्ष सारा लेखा जोखा लेकर जनता के सामने जाते हैं। यही बात भाजपा को सभी राजनीतिक दलों से अलग बनाती है।
अमित शाह ने कहा कि आज हिमाचल में एक भी घर ऐसा नहीं है, जहां महिलाओं को लकड़ियां जलाकर खाना बनाना पड़े। पूरे हिमाचल में गैस का चूल्हा पहुंचाने का काम आज पूरा हो रहा है। नरेन्द्र मोदी जी की सरकार ने एक साल के अंदर इस मांग को पूरा करके अब तक 35 हजार करोड़ रुपये का लाभ सेना के रिटायर्ड जवानों को दिया है। कई वर्षों से देश के जवान वन रैंक-वन पेंशन की मांग करता था। लेकिन कांग्रेस सरकार ने इस मांग को पूरा नहीं किया। आयुष्मान भारत योजना आज देश के 50 करोड़ गरीबों के लिए आशीर्वाद सिद्ध हो रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल में तो जयराम ठाकुर जी ने हिमकेयर योजना और आयुष्मान भारत योजना का कॉम्बो बनाकर एक एक हिमाचलवासी को इसका लाभ देने का काम किया है।
Leave a Reply