जयपुर : 15वीं मंजिल पर बने फ्लैट में इजरायली नागरिक ग्रीन हाउस बना कर रहा था ऑर्गेनिक गांजे की खेती

[object Promise]

जयपुर । जयपुर में अजमेर रोड स्थित महिमा निर्वाण अपार्टमेंट में गांजे की खेती की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर छापा मारा तो सामने आया कि एक इजरायली नागरिक एलोन मोले ने इस अपार्टमेंट में एक फ्लैट 17 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर ले रखा है। इस फ्लैट में वह स्वयं नहीं रहता, बल्कि इसने यहां ग्रीन हाउस बना कर इजरायली पद्धति से 2780 वर्गफीट में ऑर्गेनिक गांजे की खेती कर रखी थी।

ग्रीन हाउस में पौधों की बढ़त के लिए 180 ट्यूबलाइटें लगा रखी थी, ताकि रात में भी यहां दिन जैसा उजाला रहे और पौधे तेजी से बढ़ें। यह लाइटें ऑटोमैटिक सिस्टम से चालू और बंद होती थीं। इसे पूरी तरह पैक किया गया था, ताकि किसी को पता नहीं चले। जो पौधे जब्त किए गए हैं, वे दो से चार फीट के हैं। जयपुर पुलिस आयुक्त आनंद श्रीवास्तव ने बताया कि राजस्थान में जयपुर पुलिस ने गांजे की खेती का एक अनूठा मामला पकड़ा है। जयपुर में एक अपार्टमेंट में एक इजरायली नागरिक 15वीं मंजिल पर बने फ्लैट में इजरायली पद्धति से ग्रीन हाउस बना कर ऑर्गेनिक गांजे की खेती करता पकड़ा गया है। पुलिस ने मौके से गांजे के 1080 पौधे जब्त किए है। ये बेहतरीन क्वालिटी का गांजा बताया जा रहा है। राजस्थान में यह अपनी तरह का पहला मामला है।

पुलिस को मौके से गांजे की पैकिंग करने के उपकरण और सूखा गांजा भी मिला है। बताया जा रहा है कि यह गांजा आंध्र प्रदेश और ओडिशा के जंगलों में पैदा होने वाले गांजे से भी दस गुना बेहतर क्वालिटी का है। पुलिस के अनुसार, यह नागरिक भारत में बिजनेस वीजा पर 2004 से लगातार आ रहा है। जयपुर में ही राजापार्क इलाके में इसने एक शानदार फ्लैट किराए पर ले रखा है, जहां यह रहता है। अंतिम बार यह दिसंबर 2019 में यहां आया है। इस मामले के बारे में विदेश मंत्रालय को सूचित किया गया है। इसकी अन्य गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली जा रही है। राजस्थान पुलिस नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत अब तक 294 मामले दर्ज कर 364 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *