कानपुर, अमूल्य जीवन का मोल न समझते हुए दो लोगों ने जीवन लीला समाप्त ली। हालांकि दोनों ही लोगों को जिंदगी से किस बात की बेरुखी थी यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस फिलहाल जांच में जुटी है। पहली घटना में फजलगंज थानाक्षेत्र की नसीमाबाद कॉलोनी में रहने वाले 32 वर्षीय फैक्ट्री कर्मी मंगल सिंह ने देर रात फांसी लगाकर जान दे दी। वहीं, दूसरी घटना में कल्याणपुर, झांसी के तालपुरा की रहने वाले उत्तम चंद की 23 वर्षीय बेटी कानपुर के हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह युवती अपने सपने पूरे करने के लिए नीट की तैयारी भी कर रही थी।
नसीमाबाद में फैक्ट्री कर्मी ने फांसी लगाई
पुलिस से पूछलाछ के दौरान पता चला कि मंगल फजलगंज की एक बॉयलर फैक्ट्री में नौकरी करता था। उसके पिता चंद्रिका प्रसाद का काफी पहले देहांत हो चुका है। परिवार में उसकी मां शांति देवी, पत्नी शिप्रा व छोटा भाई रवि है। फजलगंज थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को मंगल के रिश्ते के भतीजे की झांसी में शादी थी। इसमें शामिल होने के लिए मंगल का पूरा परिवार गया था, लेकिन वह नहीं गया। देर शाम मंगल ड्यूटी से लौटा और अपने कमरे में जाकर लेट गया। रात में जब उसके चाचा मान सिंह आये और उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचे तो उन्होंने कमरे में मंगल का शव साड़ी के सहारे पंखे से लटका देखा। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। उधर मंगल की मौत की सूचना पर झांसी गए स्वजन तुरन्त वापस कानपुर के लिए चल दिये। थाना प्रभारी ने कहा कि आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। मृतक के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है।
नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने हॉस्टल में लगाई फांसी
कल्याणपुर के शारदा नगर में रहने वाले रविंद्र शर्मा के हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही कीर्ति शर्मा ने शुक्रवार रात रस्सी के सहारे पंखे से लटक कर आत्महत्या कर ली। देर सुबह तक कमरा बंद रहने पर हॉस्टल संचालक ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब ना मिला। जिस पर हॉस्टल संचालक ने खिड़की से झांक कर देखा तो छात्रा का शव फंदे से लटक रहा था।घटना की जानकारी हॉस्टल संचालक ने छात्रा के स्वजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मौके से बरामद छात्रा के मोबाइल की मदद से सुसाइड के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
Leave a Reply