लखनऊ। मध्य प्रदेश में कांग्रेस तथा भाजपा के बीच ऑडियो व वीडिया पर जारी घमासान के बीच मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज यानी मंगलवार को लखनऊ आ रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती मध्य प्रदेश के राज्यपाल लालजी टंडन का हालचाल लेंगे। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी भेंट कर सकते हैं।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज दोपहर करीब दो बजे तक वहां के राज्यपाल लालजी टंडन की तबीयत का जायजा लेने मेदांता हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। लालजी टंडन मेदांता अस्पताल में 11 जून से भर्ती हैं। सोमवार को तबीयत अधिक खराब होने पर उनको वेंटीलेटर पर शिफ्ट किया गया था। शिवराज सिंह चौहान आज लालजी टंडन को देखने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ से भी भेंट कर सकते हैं। शिवराज सिंह चौहान का दोपहर एक बजे भोपाल से लखनऊ रवाना होने का कार्यक्रम है। शाम को करीब चार बजे उनकी वापसी का भी कार्यक्रम है।
गौरतलब है कि इन दिनों मध्य प्रदेश में भाजपा तथा कांग्रेस के बीच ऑडियो-वीडियो पर जारी सियासी घमासान जारी है। ऑडियो क्लिप पर जारी घमासान के बीच शिवराज ने ट्वीट कर कहा है कि पापियों का विनाश तो पुण्य का काम है। इंदौर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इंदौर यात्रा के दौरान के भाषण का ऑडियो और वीडियो वायरल होने के मामले में सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह ने केंद्रीय नेतृृत्व के निर्देश पर सरकार गिराने की बात कही है। कांग्रेस इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की शरण लेगी। पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा ने साजिश रच कांग्रेस की बहुमत की सरकार गिराई है। ऐसे में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने इसे लेकर ट्वीट किया है। ऑडियो क्लिप पर जारी घमासान के बीच शिवराज ने ट्वीट कर कहा है कि पापियों का विनाश तो पुण्य का काम है।
Leave a Reply