गुजरात: ‘कुछ नहीं होगा मोदीजी है’ वीडियो पर बवाल
इस वीडियो से बीजेपी ने किनारा कर लिया लेकिन कांग्रेस ने ये कहकर बीजेपी पर उंगली उठाई की इस वीडियो से किसको फायदा होगा ये सबको पता है. दरअसल गुजराती भाषा में सवा मिनट के इस वीडियो को आप भले ही न समझ पाएं लेकिन इसका मतलब और मकसद समझना बेहद आसान है.
वीडियो में एक डरी सहमी हुई लड़की अज़ान से मिलती आवाज़ के बीच जब घर पहुंचती है तो पर्दे पर कृष्ण की तस्वीर भी दिखती है. सही सलामत घर पहुंचने पर मां-बाप राहत की सांस लेते हैं.
वीडियो में लड़की के पिता को ये कहते दिखाया गया है कि 22 साल पहले ये होता था और अगर ‘वो’ वापस सत्ता में आए तो फिर हो सकता है. इसके बाद लड़की जवाब देती है कि यहां कोई नहीं आएगा क्योंकि मोदी यहां हैं.
वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी का ज़िक्र आने पर कांग्रेस उंगली उठा रही है लेकिन बीजेपी को बदनाम करने के इरादे से भी ये वीडियो बनाया गया हो सकता है. अब जब प्रदेश का सियासी तापमान पहले से ही बढ़ा है तो इसकी तपिश भी महसूस की जा रही है.
चुनाव में वोटरों को रिझाने, भड़काने और गोलबंद करने की कोशिश लगभग हर चुनाव में होती है लेकिन प्रशासन को समय रहते इन्हें काबू करना होगा वर्ना माहौल बिगाड़ने से नही रोका जा सकता. साइबर युग के दौर में डिजिटल घृणा रोकने के भी पुख्ता इंतेज़ाम करने होंगे.
अरुण कुमार सिंह
ये भी पढ़ें: गुजरात चुनाव: कांग्रेस की पहली लिस्ट आज, प्रदेशाध्यक्ष नहीं लड़ेंगे चुनाव
इंदिरा की जयंती पर वरुण गांधी का इमोशनल ट्वीट- ‘…मिस यू दादी’
Leave a Reply