यूपी योद्धा ने प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सातवें सीजन में सोमवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में जयपुर पिंक पैंथर्स को 31-24 से शिकस्त दी। यूपी की यह नौ मैचों के बाद तीसरी जीत है और वह 22 अंकों के साथ आठवें नंबर पहुंच गई है। जयपुर की यह दूसरी हार है और टीम अभी भी 31 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर कायम है।
यूपी के लिए सुरेंदर गिल ने आठ प्वॉइंट्स जबकि जयपुर पिंक पैंथर्स की ओर से कप्तान दीपक हुड्डा ने नौ अंक बटोरे। यूपी योद्धा की टीम पहले हाफ में 16-1० से आगे थी। टीम ने दूसरे हाफ में भी अपनी बढ़त को कायम रखते हुए जीत अपने नाम कर ली। यूपी को रेड से 18, टैकल से 11 और ऑलआउट से दो अंक मिले। जयपुर को रेड से 11 और टैकल से नौ अंक हासिल हुआ।
वहीं एक अन्य मुकाबले में हरियाणा स्टीलर्स की टीम ने विकास कंडोला के एक और शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रो कबड्डी लीग (पीकेएल) के सातवें सीजन में सोमवार को यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेले गए लीग के अपने नौंवे मैच में यू-मुम्बा को 30-27 से मात दी।
इस जीत के बाद हरियाणा की टीम अंक तालिका में नौ मैचों में पांच जीत के साथ 26 अंक लेकर पांचवें नंबर पर पहुंच गई है। यू-मुम्बा की टीम ने मैच की शुरुआत में ही तीन प्वॉइंट्स की बढ़त बना ली।
Leave a Reply