कुशीनगर : जिले में पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधर बारिश से पडरौना शहर पानी-पानी हो गया है। शहर के कई मोहल्लों में पानी भर गया है। लोगों के घरों और बेडरूम तक पानी भर गया है। नौका टोला मोहल्ले में शुक्रवार की सुबह लगातार सांप निकलने से लोगों में दहशत फैल गई।
गुरुवार की रात तेज बारिश के कारण शहर के कई मोहल्लों में पानी भर गया। लोगों की नींद रात में खराब हो गयी। नौका टोला के कई घरों से पानी के बीच निकल रहे सांप के कारण लोग दहशत में आ गए। सड़क से उपर पानी बहने की वजह से लोगों का आवागमन भी पूरी तरह से बाधित हो गया है।
जिले की सबसे पुरानी नगर पालिका में जलनिकासी की खराब व्यवस्था होने के कारण बारिश के पानी से कई मोहल्ले टापू बन गए हैं। शहर के कठकुइयां मोड़ पर तालाब की तरह सड़क दिखने लगी है। नौका टोला, गांधी नगर, साहबगंज, आम्बेडकर नगर, तिलक नगर, वीर अब्दुल हमीद नगर, कन्नौजिया वार्ड पश्चिमी, गरूण नगर आदि मोहल्लों के घरों में पानी घुस गया है। नालो का पानी उफना कर सड़क पर बहने से आवागमन पूरी तरह से प्रभावित हो गया है। जिन घरों में पानी घुस गया है, वहां के लोग घर से पानी निकालने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं।
आठवीं तक के स्कूल अब 15 को खुलेंगे
कुशीनगर जिले में भारी बारिश के कारण प्रशासन ने आठवीं तक के स्कूलों को 12, 13 जुलाई के लिए बंद कर दिया है। अगले दिन 14 जुलाई को रविवार का अवकाश है। अब स्कूल 15 जुलाई को खुलेंगे। डीएम डॉ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि यह आदेश सभी प्रकार के स्कूलों के लिए है। इसका उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
Leave a Reply