उपेंद्र कुशवाहा
पडरौना,कुशीनगर : जिले के दुदही के निकट बड़हरा बुजुर्ग गांव के पंकज आर्या नामक युवक की बुधवार की रात फिलीपींस में मौत हो गई। यह सूचना मिलने के बाद इलाके में कोरोना वायरस की अफवाह उड़ी मगर बाद में पंकज के पिता अशोक कुमार ने स्पष्ट किया कि बेटे की मौत हेपेटाइटिस-बी से हुई है। अशोक कुमार ने आर्थिक स्थिति बदहाल बताते हुए तमकुही विधायक और कुशीनगर सांसद से बेटे का शव निशुल्क मंगाए जाने की मांग की है।
पंकज की उम्र इस समय 21 वर्ष थी। 2017 में वह एमबीबीएस करने फिलीपींस के यूनिवर्सिटी ऑफ परपीचुअल लास पीनास चला गया था। इससे पहले 2016 में उसने इंटर की परीक्षा सखवनिया के महात्मा गांधी किसान इंटर कालेज से प्रथम श्रेणी में पास की थी। यूनिवर्सिटी कैंपस में ही वह हास्टल में रहता था। अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को सुबह उसके फोन पर बात करने का प्रयास किया गया तो काफी देर बाद भी उसका फोन नहीं उठा। विश्वविद्यालय से संपर्क किया गया तो पता चला कि वह बीमार है। उसे बिकोल मेडिकल सेंटर कंसप्सन पिक्वेना नागा सिटी में भर्ती कराया गया है।
बुधवार को सुबह पंकज के किसी दोस्त ने पिता के मोबाइल पर फोटो भेजा, जिसमें पंकज खून की उल्टी कर रहा था। घरवाले उसके पास जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक देर शाम आठ बजे उसके मौत की सूचना मिली। अशोक कुमार ने बताया कि पंकज बीमारियों वगैरह को लेकर कुछ ज्यादा ही लापरवाह था। जब वह यहां से फिलीपींस पहुंचा तो उसके कुछ ही दिन बाद हेपेटाइटिस का शिकार हो गया। उसने हम लोगों को यह बात बताई थी। परिवार के सभी लोगों ने गंभीरता से इलाज कराने को कहा था। पंकज दो भाइयों में बड़ा था। इस समय वह एमबीबीएस दूसरे साल की परीक्षा दे रहा था। मई माह में उसे घर आना था।
Leave a Reply