राजनीतिक प्रतिशोध में खैरा को सम्मन जारी किया गया: आप
आम आदमी पार्टी के विधायक सुखपाल खैरा को ड्रग के एक मामले में अदालत द्वारा सम्मन किए जाने के एक दिन बाद, शुक्रवार को पंजाब में आप के विधायकों ने उनका समर्थन किया और कहा कि खैरा के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध के तहत कार्रवाई की गई है.
आप विधायकों ने एक बयान में कहा कि उनको खैरा की योग्यता पर पूरा विश्वास है जो राज्य में भ्रष्टाचार, अन्याय और माफिया के खिलाफ लड़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि पूर्व की बादल सरकार ने खैरा के खिलाफ छह प्राथमिकियां दर्ज कराई थीं, जो कानून की छानबीन में गलत साबित हुईं. आप की पंजाब इकाई के अध्यक्ष भगवंत मान ने कहा कि मामला अदालत में है, ऐसे में पार्टी ने कानूनी विशेषज्ञों से विचार-विमर्श करने का फैसला किया है.
उन्होंने कहा कि इस मामले में आखिरी फैसला आने तक टिप्पणी करना उचित नहीं होगा, लेकिन इस मामले में ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ के तहत कार्रवाई से इनकार नहीं किया जा सकता.
Leave a Reply