नई दिल्ली/सोनीपत/गाजियाबाद, तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों को रद कराने की मांग को लेकर सिंघु बॉर्डर पर बैठे किसानों का धरना-प्रदर्शन शनिवार को 38वें दिन में प्रवेश कर गया। सिंघु के साथ टीकरी और दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर भी बढ़ी संख्या में किसान तीनों केंद्रीय कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।वहीं, कृषि कानूनों को लेकर यूपी गेट पर चल रहे किसान आंदोलन में प्रदेश के रामपुर जनपद के बिलासपुर निवासी कश्मीर सिंह ने गले में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उनके पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जानकारी के मुताबिक, इसमें उन्होंने अपनी जीवन लीला समाप्त करने के पीछे खुद को जिम्मेदार ठहराया है। किसान की मौत की खबर पर आंदोलन स्थल के किसानों में शोक है। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। वही किसान संगठनों ने आंदोलन स्थल के मंच से मृतक किसान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
वहीं, कुंडली बॉर्डर (सिंघु बॉर्डर) पर बैठे किसान आंदोलन का रुख 4 जनवरी की वार्ता तय करेगी। इस बीच किसानों ने आंदोलन को आगे बढ़ाने की रूपरेखा भी तैयार कर ली है।
इनमें मुख्य रूप से ऋषिपाल अंबावता, डा. दर्शनपाल, जगजीत दल्लेवाल, मंजीत राय, बूटा सिंह बुर्जगिल, बलबीर सिंह राजेवाल, राकेश टिकैट, युद्धबीर सिंह, शमशेर दहिया, गुरनाम चढूनी आदि शामिल हैं। किसानों ने बैठक के बाद फाइनल किया है कि 4 जनवरी तक सरकार के पास समय है। वह किसानों के ड्राफ्ट के अनुसार बची हुई दो प्रमुख मांगों पर चर्चा शुरू करके इनका हल दे।
भाकियू के राष्ट्रीय महासचिव शमशेर सिंह दहिया ने बताया कि दिनभर की बैठक में यही फैसला हुआ है कि तीन कानून रद हों और एमएसपी पर कानूनी गारंटी मिले। इस बारे में पिछली बैठक में ही सरकार को स्पष्ट कर दिया था और सरकार ने भरोसा दिया है कि 4 जनवरी की वार्ता में इसका हल निकाला जाएगा। किसानों ने भी चार तक शांतिपूर्ण आंदोलन चलाया हुआ है और कोई नया निर्णय नहीं लिया है। नये साल के दिन संयुक्त मोर्चा ने तय किया है कि अगर चार जनवरी को बातचीत सिरे नहीं चढ़ी, तो वह छह जनवरी को ट्रैक्टर यात्रा करेंगे। अगर सरकार किसानों की मांग पूरी कर देती है, तो किसान अगले ही दिन धन्यवाद करते हुए अपने घरों को लौट जाएंगे, नहीं तो छह को किसान कुंडली और टिकरी बॉर्डर से ट्रैक्टरों के साथ शाहजहांपुर बार्डर के लिए कूच करेंगे। इसी कड़ी में 26 जनवरी की परेड में भी शामिल होना है और बीच के आंदोलन बाद में तय होंगे।
Leave a Reply