BSP के बागी विधायक मिले अखिलेश यादव से, आ सकती है बड़ी खबर

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और सभी पार्टियां चुनावी तैयारी में जुट गई हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को बसपा के 9 बागी विधायकों से मुलाकात की । अखिलेश यादव ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी (SP) के ऑफिस में बसपा (BSP) से निकाले गए विधायकों से मुलाकात की। इसके बाद यह अटकलें तेज हो गई हैं कि सभी बागी विधायक सपा में शामिल हो सकते हैं. हालांकि अभी तक इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, बसपा से निकाले गए भिनगा के विधायक असलम राइनी, ढोलाना (हापुड़) के विधायक असलम अली चौधरी, प्रतापपुर (प्रयागराज) के विधायक मुजतबा सिद्दीकी, हांडिया (प्रयागराज) के विधायक हाकिम लाल बिंद, सिधौली (सीतापुर) के विधायक हरगोविंद भार्गव, मुंगरा (बादशाहपुर) की विधायक सुषमा पटेल, सगड़ी की विधायक वंदना सिंह, सादाबाद के विधायक रामवीर उपाध्याय और उन्नाव के विधायक अनिल सिंह ने अखिलेश यादव से मुलाकात की।

बता दें कि बीएसपी प्रमुख मायावती (Mayawati) ने राम अचल राजभर और लालजी वर्मा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाकर निकाल दिया था. बताया जा रहा है कि हाल ही में जिला पंचायत चुनाव के दौरान दोनों ने पार्टी के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारा था। राम अचल राजभर अंबेडकर नगर के अकबरपुर से विधायक है, जबकि लालजी वर्मा कटेहरी से विधायक हैं और दोनों मायावती के काफी करीबी थे । पार्टी से निकालने के साथ ही मायावती ने सभी पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिए थे कि इन दोनों विधायकों को पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में न बुलाया जाए।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *