भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने शुक्रवार को एक बार फिर पाकिस्तान को चेतावनी भरे लहजे में समझाया कि सेना किसी भी सैन्य टकराव को तैयार है। उन्होंने विंग कमांडर अभिनंदन वर्द्धमान को रिकॉर्ड समय में पाक के चंगुल से छुड़ाने का श्रेय सरकार को दिया।
एयर चीफ मार्शल ने एक न्यूज चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि वे अभिनंदन को उनके बचपन से जानते हैं क्योंकि वे उनके पिता के साथ काम कर चुके हैं, जो वायुसेना के पूर्व कर्मी हैं। साथ ही यह भी कहा कि पाकिस्तान के कब्जे में विंग कमांडर का व्यवहार असाधारण था। उनके हाव-भाव और दृढ़ता से जवाब देना, ये सारी चीजें उनकी सैन्य क्षमता को बयां कर रही थीं।
‘हमने कमांडर आहूजा को खोया’ : धनोआ ने विंग कमांडर के पाकिस्तान के कब्जे में होने के पल को याद करते हुए कहा, कारगिल में हम फ्लाइट कमांडर अजय आहूजा को गंवा बैठे थे। वे (अपने जेट से) निकले थे लेकिन जब वे (सीमापार पाकिस्तान में) उतरे तो उन्हें गोली मार दी गई थी…यही मेरे दिमाग में चल रहा था।
अनुमति लेकर पीछे बैठे
मैंने अभिनंदन के पिता से कहा कि हम आहूजा को वापस नहीं ला सके, लेकिन अभिनंदन को जरूर लाएंगे। वायुसेना प्रमुख से विंग कमांडर के साथ उनकी उड़ान के बारे में भी पूछा गया। जिस पर उन्होंने कहा, वर्दी उतारने (सेवानिवृत्त होने) से पहले मैं एक उड़ान भरना चाहता था। अभिनंदन को चिकित्सकों ने अनुमति दे दी थी। वे पीछे बैठ गए और मैं आगे की सीट पर बैठ गया। धनोआ सितंबर के आखिर में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
पाकिस्तान ने हमेशा कम आंका : वायुसेना प्रमुख
पाकिस्तान ने भारत के राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका है और उसने यही गलती बालाकोट हवाई हमले के वक्त भी की। यह बात शुक्रवार को भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल बीएस धनोआ ने कही। साक्षात्कार में धनोआ ने कहा, आपको याद होगा कि पाकिस्तान ने हमारे राष्ट्रीय नेतृत्व को हमेशा से कमतर आंका है। 1965 के युद्ध में उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को कम आंका था। उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि वे मोर्चा खोलेंगे और लाहौर तक पहुंच जाएंगे।
वायुसेना प्रमुख ने कहा, वे चौंक गए। उन्हें लगा था कि वे सिर्फ कश्मीर में लड़ेंगे। वे दंग रह गए। कारगिल युद्ध में वे एक बार फिर हक्के-बक्के रह गए। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि हम अपनी सारी ताकत झोंक देंगे और बोफोर्स तोपों का मुंह उनकी तरफ कर देंगे और उन्हें खदेड़ देंगे।
Leave a Reply