नई दिल्ली. पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, दिल्ली सहित कई राज्यों में फिर से तूफान आने की आशंका जताई गई है. रविवार को देशभर में आंधी तूफान से करीब 30 लोगों की मौत हो गई है. दिल्ली में 2 और यूपी से 13 लोगों की मौत की खबर है. पश्चिम बंगाल में 9 लोगों के मरने की सूचना मिली है. पूरे दिल्ली-एनसीआर में कुल 189 पेड़ गिर गए. बता दें कि उत्तर भारत के कई राज्यों में मई के पहले सप्ताह आंधी-तूफान व तेज बारिश से 150 लोगों की मौत हुई थी. दिल्ली-एनसीआर में रविवार दोपहर को एक बार आसमान में काले घने बादल छाने की वजह से चार बजे शाम में ही अंधेरा हो गया.
बादल छाने की वजह से दिन के तापमान में भी कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि इस वजह से उमस भी बढ़ गई. इससे पहले मौसम विभाग ने यूपी और आसपास के राज्यों में अगले 48 घंटे तक आंधी और तूफान की चेतावनी जारी की हई है. रविवार से शुरू हो रहे नए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम का मिजाज बदलेगा. इसकी वजह से पहाड़ी राज्य उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तूफान आने की संभावना है. इसका उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी असर पड़ सकता है. पश्चिमी विक्षोभ भूमध्यसागर से उत्पन्न होता है, जिससे देश के पूर्वोत्तर हिस्सों में अचानक बारिश होती है.
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई इलाकों में अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी चल सकती है. पहाड़ी राज्यों में आने वाले तूफान का असर मैदानी इलाकों पर भी पड़ सकता है. मौसम विभाग ने बताया कि ये आंधी तूफान रविवार से नए पश्चिमी विक्षोभ के चलते आ सकते हैं. पश्चिमी विक्षोभ भूमध्य सागर से उत्पन्न होता है जिससे देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में अचानक से बारिश होती है. विभाग के अनुसार, तूफान के साथ आंधी आ सकती है. विभाग ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, तेलंगाना, उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी, लक्षद्वीप और केरल के दूरदराज इलाकों में तूफान और तेज आंधी आ सकती है.
Leave a Reply