MP में जारी है ‘खेल’! निषेधाज्ञा भोपाल हवाईअड्डे पर, भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खदेड़ा

MP में जारी है ‘खेल’! निषेधाज्ञा भोपाल हवाईअड्डे पर, भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने खदेड़ा

भोपाल। मध्यप्रदेश से बेंगलुरू गए ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायकों के चार्टर विमान से भोपाल आने की सूचना मिलते ही शुक्रवार को भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजा भोज विमानतल पर पहुंच गए। इस दौरान दोनों ओर से नारेबाजी और धक्का-मुक्की की नौबत आने के बाद हवाईअड्डे पर निषेधाज्ञा (धारा 144) लागू कर दी गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक इरशाद वली ने मीडिया को यह जानकारी दी। बताया गया कि निषेधाज्ञा लागू होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हवाईअड्डे से खदेड़ा गया है। कांग्रेस के बागी और सिंधिया समर्थक 19 विधायक बीते चार दिनों से बेंगलुरू में थे। इन विधायकों ने पूर्व में अपना इस्तीफा विधानसभा अध्यक्ष को भेजा था।

इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष एन.पी. प्रजापति ने 13 विधायकों को हाजिर होने का नोटिस भेजा था। उसी के चलते ये विधायक भोपाल आ रहे हैं। विधायकों के आने की सूचना के चलते भाजपा व सिंधिया समर्थक कार्यकर्ता और कांग्रेस के कार्यकर्ता हवाईअड्डे पर पहुंच गए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के बाद 22 विधायकों ने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है।

इन विधायकों में से 19 बेंगलुरू में हैं। इनके इस्तीफे की मूल प्रति भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभाध्यक्ष एन. पी. प्रजापति को सौंप चुके हैं। बेंगलुरू गए मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, प्रद्युम्न सिंह तोमर, इमरती देवी, तुलसी सिलावट, प्रभुराम चैधरी, महेंद्र सिंह सिसौदिया के अलावा विधायक हरदीप सिंह डंग, जसपाल सिंह जज्जी, राजवर्धन सिंह, ओपीएस भदौरिया, मुन्ना लाल गोयल, रघुराज सिंह कंसाना, कमलेश जाटव, बृजेंद्र सिंह यादव, सुरेश धाकड़, गिरराज दंडौतिया, रक्षा संतराम सिरौनिया, रणवीर जाटव, जसवंत जाटव के इस्तीफे विधानसभा अध्यक्ष तक भेजे गए। उसके बाद तीन और विधायक बिसाहू लाल सिंह, एंदल सिंह और मनोज चौधरी के भी इस्तीफे आ चुके हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *