पडरौना,कुशीनगर : देश में छिनती जा रही नौकरियों तथा बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के आलम में मोदी सरकार द्वारा पेट्रोल व डीजल के मूल्यों में लगातार की जा रही मूल्य वृद्धि के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने पडरौना नगर के सुभाष चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कार्यकारी जिलाध्यक्ष रामविलास सिंह ने पेट्रोल-डीजल के मूल्य में लगातार की जा रही वृद्धि को गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों के विरुद्ध मोदी सरकार की संवेदनहीनता बताते हुये इसे तत्काल वापस लिये जाने की मांग की।
निवर्तमान वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने मूल्य वृद्धि को तुगलकी फरमान की संज्ञा देते हुए कहा कि आय के लगातार सीमित होते जा रहे संसाधनों व रोजमर्रा की चीजों की आसमान छूती महंगाई के बीच पेट्रोल व डीजल का दाम बढ़ाए जाने से आम लोगों का जीना दूभर हो गया है।
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राजकुमार सिंह ने कहा कि यदि मूल्य वृद्धि को भाजपा सरकार ने तुरंत वापस नहीं लिया तो कांग्रेस मोदी सरकार का जीना हराम कर देगी। प्रदर्शन में पंचानंद मिश्र, स्वामीनाथ यादव, राधाकृष्ण शर्मा, शेषनाथ सिंह, सीताराम प्रधान, जहीरुद्दीन, मनोज मोदनवाल, सिद्धार्थ चौरसिया, कन्हैया सिंह आदि उपस्थित रहे।
Leave a Reply