मुंबई। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को भाजपा-शिवसेना और अन्य सहयोगी दलों के बीच गठबंधन की आधिकारिक घोषणा की गई। हालांकि, अभी सीट-शेयरिंग को लेकर कोई बात नहीं कही गई है।
बता दें, फिलहाल 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में भाजपा के 122, शिवसेना के 63, कांग्रेस के 42 और एनसीपी के 41 सदस्य हैं। वर्तमान विधानसभा का कार्यकाल 9 नवंबर को खत्म होगा।
पिछली बार 260 सीटों पर लड़ी थी भाजपा…
भाजपा ने 2014 में 260 सीटों पर चुनाव लड़ा और उसे 122 सीटों पर जीत हासिल हुई। वहीं, कांग्रेस ने 287 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से उसे 42 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं शिवसेना ने 282 सीटों पर चुनाव लड़ा और 63 सीटें जीतकर दूसरी बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। शिवसेना को 19.35 फीसदी वोट मिले थे।
वहीं, राज ठाकरे नीत महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने 219 सीटों पर किस्मत आजमाई थी, लेकिन उसे सिर्फ एक सीट पर ही जीत मिली थी। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने 278 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे 41 सीटों पर जीत मिली। शरद पवार की पार्टी राकांपा को 17 फीसदी वोट मिले थे।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में 21 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे। भाजपा जहां इस चुनाव में बुलंद हौसले के साथ उतरेगी वहीं शिवसेना, राकांपा और कांग्रेस के सामने पिछले चुनाव के मुकाबले बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी।
Leave a Reply