और जब चीन सीमा पर तैनात रहे जवान की कुशीनगर में आया पार्थिव शरीर तो एक साथ रो पड़ा पूरा गांव,गांव वालों ने घेर ली सांसद की गाड़ी

[object Promise]
कुशीनगर : चीन सीमा पर तैनात कुशीनगर जिले के फाजिलनगर क्षेत्र के बदुराव केे सैनिक रामेश्वर गुप्ता का बीते छह अक्टूबर की शाम हृदय गति रूकने से निधन हाे गया था। गुरुवार की आधी रात शव पहुंचने के बाद परिजनों ने एक करोड़ की आर्थिक सहायता दिलाने, दो पुत्रों की नौकरी, जवान के नाम पर सड़क और गैस एजेंसी की मांग को लेकर अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया। शुक्रवार की सुबह सांसद और विधायक गांव पहुंचे और परिजनों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को गंभीरतापूर्वक पूरा कराया जाएगा। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार को तैयार हुए। राजकीय सम्मान के साथ शुक्रवार की सुबह जवान के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
गांव निवासी रामेश्वर गुप्ता (45) जीआरईएफ में चीन सीमा पर तैनात थे। बीते 6 अक्टूबर की शाम उनके यूनिट के अधिकारियों ने उनके बड़े बेटे अजीत के नंबर पर फोन कर बताया कि तुम्हारे पिता की ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से मृत्यु हो गयी है। सूचना के बाद घर समेत पूरे परिवार में कोहराम मच गया। अधिकारियों ने जवान के पार्थिव शरीर को 8 अक्टूबर की सुबह तक भेजने को कहा था, लेकिन तकनीकी कारणों से जवान का शव गुरुवार की आधी रात घर पहुंच सका। शुक्रवार की सुबह जब जवान के शव का अंतिम संस्कार कराने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया पूर्ण बोहरा, क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज फूलचंद कन्नौजिया, एसओ पटहेरवा अतुल्य पांडेय घर पहुंचे तो जवान की पत्नी ने परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता, दोनों पुत्रों को नौकरी, गांव के मुख्य मार्ग का नाम उनके नाम से किए जाने और गैस एजेंसी दिलाने की मांग पूरा करने पर ही अंतिम संस्कार करने की मांग रखी। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने इसकी जानकारी अफसरों को दी।
इसके बाद जवान के घर पहुंचे देवरिया के सांसद डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, विधायक फाजिलनगर गंगा सिंह कुशवाहा, उप्र बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष राजेश्वर सिंह आदि लोगों ने जवान की पत्नी से घंटों बातचीत की। सांसद और विधायक ने आश्वासन दिया कि सभी मांगों को गंभीरता से पूरा कराया जाएगा। इस पर परिजन माने और अंतिम संस्कार करने को तैयार हो गए। जवान के शव का अंतिम संस्कार ग्रामसभा के पूरब में स्थित अंत्येष्टि स्थल पर किया गया। मुखाग्नि बड़े पुत्र अजीत ने दी। राजकीय सम्‍मान के साथ जवान को अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष विनय प्रकाश गौंड़, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेमचंद मिश्र, ग्राम प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि पशुपतिनाथ जायसवाल, सत्यम शुक्ल, अजय राय, श्रीनिवास राय, रामबृक्ष गिरी, मुकुल तिवारी, अमिताभ मिश्र, नरेंद्र यादव, विनय तिवारी आदि लोग मौजूद रहे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *