केंद्रीय गृह मंत्री के आदेश के बाद नागरिकों की हत्याओं की जांच के लिए विशेष खुफिया अभियान टीम को घाटी भेजा गया

जम्मू कश्मीर में आतंकी घटनाओं में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। गैर कश्मीरियों की हत्याओं के बाद केंद्र सरकार एक्शन में आ गई है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आदेश के बाद नागरिकों की हालिया हत्याओं की जांच के लिए कश्मीर से शनिवार को दिल्ली लौटी विशेष खुफिया अभियान टीम (special intelligence operations team) को फिर से घाटी में भेज दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि अमित शाह ने सभी संबंधित अधिकारियों से यह समझने को कहा है कि ऐसी आतंकी घटनाएं बार-बार क्यों हो रही हैं। केंद्र द्वारा भेजी गई ये टीम डीजीपी दिलबाग सिंह के साथ मिलकर काम करेगी।

आपको बता दें कि आतंकी गैर कश्मीरियों को चुन-चुनकर निशाना बना रहे हैं। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को आतंकवादियों ने बिहार के दो मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य को घायल कर दिया। जम्मू कश्मीर में पिछले दो दिनों में गैर-स्थानीय निवासियों पर यह तीसरा हमला था।

इससे पहले बिहार के एक रेहड़ी-पटरी वाले और उत्तर प्रदेश के एक बढ़ई की शनिवार शाम को आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। श्रीनगर के ईदगाह में शनिवार को बिहार के गोलगप्पे बेचने वाले अरविंद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलवामा में उत्तर प्रदेश के एक मजदूर सगीर अहमद की मौत हो गई।

रविवार को मारे गए लोगों की पहचान राजा रेशी देव, जोगिंदर रेशी देव के रूप में हुई है। जबकि चुनचुन रेशी देव घायल हो गए। ये सभी बिहार के रहने वाले हैं। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब घाटी में नागरिकों पर हमलों की बाढ़ आ गई है, जिसमें वे लोग भी शामिल हैं जो बाहर से घाटी में आए हैं।

कश्मीर में नागरिकों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के बीच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को संकल्प लिया कि निर्दोष नागरिकों के एक-एक कतरा खून का बदला आतंकियों और उनके हमदर्दों से लिया जाएगा। सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में शांति और सामाजिक-आर्थिक प्रगति तथा लोगों के व्यक्तिगत विकास को बाधित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने केंद्र शासित प्रदेश के तेजी से विकास के प्रति अपनी वचनबद्धता दोहराई।

सिन्हा ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम आवाम की आवाज में कहा कि मैं शहीद नागरिकों को अपनी श्रद्धांजलि देता हूं और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। हम आतंकवादियों, उनके हमदर्दों को निशाना बनाएंगे और निर्दोष नागरिकों के खून की हर बूंद का बदला लेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *