Bus Attack in Pakistan:आतंकियों ने चीनी इंजीनियरों से भरी बस को बम से उड़ाया, 13 के उड़े चिथड़े

इस्‍लामाबाद। उत्‍तरी पाकिस्‍तान में चीनी नागरिकों से भरी एक बस पर हुए भीषण हमले में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई है जिसमें से 9 चीनी नागरिक शामिल हैं। बताया जा रहा है कि बस पर 36 चीनी नागरिक सवार थे। चीनी नागरिकों से भरी बस को सड़क के किनारे छिपाए गए बम से उड़ा दिया गया। इस हमले में मारे जाने वालों की संख्‍या काफी बढ़ सकती है।

पाकिस्‍तानी मीडिया के मुताबिक यह पूरी सोची समझी रणनीति के तहत किया गया हमला लग रहा है। इन चीनी कामगारों को दासू बांध के निर्माण स्‍थल पर ले जाया जा रहा था। इस घटना में पाकिस्‍तानी सेना के दो जवानों की मौत हो गई है। सभी घायलों के शव को स्‍थानीय अस्‍पताल में ले जाया गया है। पाकिस्‍तानी सुरक्षा बल इस पूरे हमले की जांच कर रहे हैं।

एक वरिष्‍ठ अधिकारी ने कहा, ‘ऊपरी कोहिस्‍तान में चीनी इंजीनियरों को ले जा रही बस में भीषण धमाका हुआ है। कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है।’ चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्‍हुआ ने बताया कि कम से कम 13 लोग मारे गए हैं। उसने बताया कि 39 लोग इस हमले में घायल हो गए हैं। अभी तक इस विस्‍फोट के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

कोहिस्‍तान के डेप्‍युटी कमिश्‍नर ने आरिफ खान ने बताया कि यह हमला सुबह करीब 7:30 बजे हुआ है। उन्‍होंने कहा कि सभी चीनी कर्मचारियों को पनबिजली परियोजना के पास बस से ले जाया जा रहा था। उन्‍होंने कहा कि इस बस पर चीनी नागरिकों के अलावा कई सुरक्षाकर्मी और मजदूर सवार थे। खान ने कहा कि राहत बचाव घटनास्‍थल पर जारी है। पुलिस और सेना के जवानों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। पाकिस्‍तानी अधिकारी अभी इसे छिपा रहे हैं कि बस पर चीनी नागरिक सवार थे। वे इसे ‘दुर्घटना’ करार देते हुए हमले को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *