रायबरेली, उत्तर प्रदेश के रायबरेली रविवार की सुबह घने कोहरे में वरिष्ठ लिपिक की कार सड़क पर खड़े ट्रेलर के पीछे घुस गई। घटना में कार सवार वरिष्ठ लिपिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उसके अन्य दो साथी गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें खीरो सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
ये है पूरा मामला
मामला गुरुबक्शगंज थानाक्षेत्र के बसिगवा दो सड़का के निकट का है। खीरों और सरेनी बीआरसी के वरिष्ठ लिपिक का कार्यभार सम्भाल रहे सरेनी थाना क्षेत्र के सतवाखेड़ा निवासी गिरीशचंद्र अपने दो अन्य साथियों राजेश कुमार और दीपक के साथ अपनी वैगन आर कार से लखनऊ में पढ़ाई कर रही अपनी बेटी से मिलने जा रहे थे। बसिगवां दोसड़का के समीप घने कोहरे की वजह से कार रोड पर खड़े ट्रेलर (ट्रक) में जा घुसी। कार के आगे के दोनों एयरबैग खुल गये। कार चला रहे राजेश कुमार ने बैक करके कार को बाहर निकाला तो वह पीछे गहरी खन्ती में चली गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन घायल राजेश और दीपक को इलाज के लिए खीरों सीएचसी भेजा। काफी मशक्कत के बाद कार में सामने बाई तरफ फंसे गिरीशचंद्र को गेट तोड़कर बाहर निकाला गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एयरबैग खुलने के बाद भी गिरीशचंद्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायलों को खीरो सीएचसी पहुंचाया गया।
Leave a Reply