कानपुर : गोविंदनगर में जाम से मुक्ति दिलाने के लिए पुल का प्रस्ताव तैयार, 32 करोड़ आएगी लागत

[object Promise]

कानपुर, वर्षों से गोविंदनगर में लगने वाले जाम की समस्या से जल्द छुटकारा मिलने वाला है। सेतु निगम ने पुल का प्रस्ताव बना लिया है। कुछ कागजी प्रक्रिया के बाद सोमवार तक हर हाल में प्रस्ताव को शासन में अनुमति के लिए भेज दिया जाएगा। इसे मार्च से पहले मंजूरी मिलने की उम्मीद है।

[object Promise]
सांसद की पहल पर मंडलायुक्त ने पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में टीम का गठन किया था। सेतु निगम की टीम द्वारा गोविंदनगर का सर्वे करके जाम को देखते हुए तैयार पुल का डिजाइन और प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है।

गोविंदनगर चावला मार्केट और नंदलाल चौराहा में सुबह से लेकर शाम तक भीषण जाम लगता है। कई बार एंबुलेंस भी फंस जाती हैं। यातायात दुरुस्त करने में लगे पुलिसकर्मी भी जाम मुक्त चौराहा के लिए पूरा प्रयास करते हैं, लेकिन बड़े वाहनों के गुजरते ही जाम लग जाता है। क्षेत्रीय पार्षद नवीन पंडित ने बताया कि गोविंदनगर बाजार से परमपुरवा की ओर जाने वाले रास्ते में चावला मार्केट चौराहा में जाम लगने की वजह से अभी तक गोविंदनगर थाने वाली गली से डीबीएस कॉलेज होते हुए गोविंदपुरी पुराने पुल की सर्विस रोड से होते हुए परमपुरवा निकल जाते हैं।

इससे वाहन सवारों को एक से डेढ़ किमी का रास्ता ज्यादा तय करना होता है। उन्होंने बताया कि नंदलाल चौराहा में जाम लगने से दीप तिराहा से आने वाले वाहन सवार बीएसए दफ्तर से होते हुए गोविंदपुरी पुराने पुल से होकर नए पुल में चढ़कर फजलगंज की ओर जाते हैं। ऐसे में उनका समय और ईधन दोनों ही बर्बाद होता है।

सांसद ने की थी पहल

सासंद सत्यदेव पचौरी की पहल के बाद मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने पीडब्ल्यूडी मुख्य अभियंता की अध्यक्षता में टीम का गठन किया था। इसके बाद सेतु निगम के महाप्रबंधक, अपर नगर आयुक्त, पीडब्ल्यूडी अधीक्षण अभिंयता ने गोविंदनगर का सर्वे किया था।

इस तरह होगा पुल

गोविंदपुरी पुराने पुल से नए पुल में टी प्वाइंट बनाकर उसे पिलर के माध्यम से निराला नगर में उतारेंगे। इससे साकेत नगर, बर्रा, निरालानगर, दबौली गुजैनी, कर्रही, जरौली सहित कई इलाके लोग पुल से चढ़कर फजलगंज की ओर जा सकेंगे। इसी तरह फजलगंज की ओर से बर्रा, कर्रही, साकेत नगर, गोविंदनगर, दबौली, गुजैनी सहित अन्य इलाके की ओर जाने वाले वाले नंदलाल और चावला मार्केट चौराहा से न होकर पुल से निकल जाएंगे। इससे गोविंदनगर में जाम नहीं लगेगा। पुल की लागत करीब 32 करोड़ होगी और चौड़ाई 14 मीटर व लंबाई 793 मीटर होगी।

  • यूटिलिटी शिफ्टिंग के लिए सभी विभागों ने बजट बता दिया है। कुछ कागजी कार्रवाई की जा रही है। मंगलवार तक किसी भी हाल में शासन को भेज दिया जाएगा। -राकेश सिंह, महाप्रबधंक, सेतु निर्माण निगम

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *