डेस्क। बिहार के एक जिले के एक दिहाड़ी मजदूर को आयकर विभाग से 37.5 लाख रुपये का बकाया भुगतान करने का नोटिस मिलना बिलकुल वैसा ही अनुभव रहा जैसा बिना बारिश के बाढ़ आना हो गया हो।
रोजाना करीबन 500 रुपये कमाने वाले खगड़िया जिले के मघौना गांव निवासी गिरीश यादव ने इस संबंध में अपने इलाके के पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज करायी है।
अलौली थाना के प्रभारी पुरेंद्र कुमार ने मामले पर बताया, ”हमने मामला दर्ज कर लिया है और गिरीश द्वारा साझा की गई जानकारी के आधार पर जांच भी शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया तो यह धोखाधड़ी का मामला लगता है।”
उन्होंने आगे बताया कि शिकायतकर्ता को उसके नाम से जारी पैन नंबर के आधार पर नोटिस प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि, ”गिरीश का कहना है कि वह दिल्ली में मजदूरी का काम करता है जहां उसने एक बार एक दलाल के जरिए पैन कार्ड बनवाने की कोशिश की थी पर उसके बाद उससे कभी भी उसकी मुलाकात नही हो पाई।”
थाना अध्यक्ष ने यह भी कहा, ”इसके अलावा नोटिस में गिरीश को राजस्थान की एक कंपनी से जुड़े होने की बात भी कही गई है। लेकिन उनका यह भी कहना है कि वह वहां (राजस्थान) कभी गया ही नहीं।”
Leave a Reply