रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में मधुबन स्थित चाइल्ड केयर क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर पर कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के तीसरे दिन बुधवार को लापरवाही के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि 29 अप्रैल को संक्रमित डॉक्टर ने जिला अस्पताल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में हिस्सा लिया था, जिसमें शहर के तमाम डॉक्टर शामिल हुए थे। इन सबके संक्रमित होने की आशंका से 56 डॉक्टरों को प्रशासन ने होम क्वारंटीन किया था।
कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि कोरोना पाजिटिव निजी चिकित्सक और उनके स्टाफ के विरुद्ध मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा जहानाबाद चौकी इंचार्ज की तहरीर पर दर्ज किया है। दरअसल, मधुबन स्थित आस्था चाइल्ड केयर क्लिनिक चलाने वाले बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर की रिपोर्ट रविवार रात पॉजिटिव आई थी। इसके बाद आनन-फानन प्रशासन ने संक्रमित डॉक्टर की क्लीनिक को सील कर इलाके को हॉटस्पॉट किया था। वहीं स्वास्थ्य टीम ने मौके पर पहुंचकर डॉक्टर उनकी पत्नी समेत परिवार के अन्य पांच सदस्यों को दयानंद पीजी कॉलेज में बने क्वारन्टीन सेंटर में शिफ्ट कराया था।
प्रशासन के लिए यह पता लगाना चुनौती बना हुआ है कि संक्रमित डॉक्टर ने कितने बच्चों का इलाज किया है। आशंका है कि डॉक्टर ने एक हफ्ते में ही सैकड़ों बच्चों का इलाज किया है। इसके अलावा संक्रमित बच्चों के डॉक्टर की संपर्क में आने वाले चिकित्सको ने भी कई मरीजो का इलाज किया है। इन सब की स्क्रीनिंग भी की जा रही है, लेकिन यह कार्य प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ा ही मुश्किल भरा है। होम क्वारंटीन हुए 56 डॉक्टरों और संदिग्धों का सैंपल लेकर कोरोना टेस्ट के लिए भेजा गया है।
Leave a Reply