रेवाड़ी/हरियाणा। दिल्ली से तकरीबन 150 किलोमीटर दूर हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि महेंद्रगढ़ जिले की 19 वर्षीय युवती का अपहरण करके उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में 12 लोगों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पीड़ित युवती कॉलेज में पढ़ती है और वह सीबीएसई टॉपर रह चुकी है। इतना ही नहीं, 19 साल की इस पीड़ित युवती को उसकी प्रतिभा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी सम्मानित कर चुके हैं, साथ ही राष्ट्रपति से भी सम्मान प्राप्त हो चुका है।
घटनाक्रम के मुताबिक, कोसली उपमंडल के एक गांव से कोचिंग के लिए गई राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित छात्रा का बुधवार सुबह उसके गांव के ही तीन युवकों ने अपहरण कर लिया और नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद आरोपित छात्रा को कनीना के निकट छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित छात्रा सीबीएसई की दसवीं कक्षा में पंचकुला रीजन की मेधा सूची में शामिल रह चुकी है और अच्छी खिलाड़ी भी है। महिला थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार को जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला जांच के लिए कनीना थाना में भेज दिया। आरोपितों की तलाश जारी है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बुधवार को रेलवे की परीक्षा की कोचिंग के लिए कनीना गई थी। रास्ते में उसी के गांव निवासी पंकज, मनीष व नीशू ने उसे रोक लिया तथा कोचिंग के बारे में पूछने लगे। इस दौरान मनीष ने उसे पीने के लिए पानी दिया। वह पानी पीकर बेहोश हो गई। आरोप है कि तीनों उसे एक खेत में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया। शाम को करीब पांच बजे आरोपित उसे कनीना बस स्टैंड पर छोड़ कर फरार हो गए।
छात्रा ने किसी तरह अपने पिता को घटनाक्रम की जानकारी दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों ने बुधवार रात में ही महिला थाना में तीनों आरोपितों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने छात्रा का मेडिकल कराने के बाद तीनों युवकों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए मामला कनीना पुलिस को भेज दिया।
पीड़ित छात्रा की मां ने समाचार एजेंसी एएनआइ से कहा – मेरी बेटी का पहले अपहरण किया गया फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मेरी बेटी ने सीबीएसई टॉप किया है और पीएम मोदी ने इस उपलब्धि के लिए सम्मानित भी किया था। मुझे इंसाफ चाहिए, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
Leave a Reply