गांधी प्रतिमा पर अभ्यर्थियों ने किया प्रदर्शन
लखनऊ। राजधानी में सोमवार को गांधी प्रतिमा पर बीएड टेट पास अभ्यर्थियों ने नियुक्ति को लेकर धरना प्रदर्शन किया। टेट परीक्षा 2011 पास अभ्यर्थियों ने शीघ्र नियुक्ति के लिए जम कर नारेबाजी की और सुप्रीम कोर्ट के अंतिम आदेश 25 जुलाई 2017 का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
बीएड टेट पास अभ्यर्थी राकेश सिंह ने कहा कि हम सभी अभ्यर्थियों ने 2011 में परीक्षा पास की थी और लगभग 70 हजार उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की नियुक्ति आज तक शेष है। पिछले सात सालों से हम लोग दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं और अब अंतिम विकल्प के रूप में जीने मरने का प्रश्न सामने आ गया है।
सुप्रीमकोर्ट के फैसले में वर्णित संशोधन पर बहाली की मांग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से करते हुए कहा कि हमारी संख्या बहुत बड़ी है और इस बड़े वोट बैंक को योगी जी पिछली सरकारों की तरह खोने का काम ना करें। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने हमारा मुद्दा लोकसभा में उठाया था परंतु आज तक कोई भी कार्यवाही नहीं हो पाई है।
अभ्यर्थियों के ओवर ऐज हो जाने की बात करते हुए राकेश सिंह ने कहा कि हम लोग उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जायसवाल और बेसिक शिक्षा निदेशक सर्वेन्द्र विक्रम सिंह से मुलाकात कर अपनी समस्याओं को उनके सामने रख चुके हैं लेकिन नियुक्ति का शासनादेश जारी नहीं किया जा रहा है।
सुप्रीमकोर्ट के अंतिम फैसले में दिए गए 15 वें संशोधन पर आधारित विज्ञापन 7 दिसम्बर 2012 की नियुक्ति प्रक्रिया को शुरू किया जाना चाहिए।
Leave a Reply