मुंबई/नई दिल्ली। महाराष्ट्र में सरकार बनाने को लेकर अभी तक तस्वीर साफ नहीं हो सकी है। वहीं शिवसेना, कांग्रेस और एनसीपी मिलकर सरकार बनाने को लेकर अंतिम रूप देने की बात कही जा रही है। इसी को लेकर एनसीपी चीफ शरद पवार आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके निवास दस जनपथ मुलाकात की हैं। यह बैठक 45 मिनट से अधिक चली है। बैठक के बाद शरद पवार ने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया है कि सोनिया गांधी को महाराष्ट्र की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। शरद पवार ने बताया कि हमारी सोनिया गांधी से सरकार बनाने को लेकर कोई बात नहीं हुई है। महाराष्ट्र में सरकार के गठन को लेकर चर्चा के लिए अगले दो दिनों में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) व कांग्रेस के प्रतिनिधि मुलाकात करेंगे।
इसके बाद कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट करके बताया कि शरद पवार ने आज कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात की और उन्हें महाराष्ट्र की स्थिति के बारे में जानकारी दी हैं। यह तय किया गया कि एक या दो दिन में, NCP और कांग्रेस के प्रतिनिधि दिल्ली में बैठक कर आगे के रास्ते पर चर्चा करेंगे।
इससे पहले शरद पवार ने कहा कि बीजेपी और शिवसेना ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और ‘उन्हें अपना रास्ता चुनना है। उन्होंने कहा कि बीजेपी-शिवसेना ने साथ चुनाव लड़ा था, NCP और कांग्रेस ने साथ चुनाव लड़ा था, उन्हें अपना रास्ता चुनना है और हमें अपनी राजनीति करनी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यसभा के 250वें सत्र के अपने संबोधन में सोमवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) की तारीफ की, जिससे राज्य में राजनीतिक गतिरोध के बीच कयासों को नई हवा मिल गई है। प्रधानमंत्री ने राकांपा और बीजू जनता दल(बीजद) के सदस्यों के सदन के मध्य न जाने को लेकर प्रशंसा की। उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में राकांपा किंगमेकर बनकर उभरी है।
Leave a Reply