पहले चरण का चुनाव प्रचार थमा : 18 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों की 91 लोकसभा सीटों पर 11 अप्रैल को मतदान

[object Promise]

दिल्ली । लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण में 11 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए चुनाव प्रचार मंगलवार शाम थम गया। पहले चरण में 20 राज्यों की 91 लोकसभा सीटों के लिये मतदान होगा। आयोग द्वारा घोषित चुनाव कार्यक्रम के अनुसार पहले चरण के मतदान वाली 91 सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरु होगा।

इनमें से कुछ सीटों पर शाम चार बजे तक, कुछ पर पांच बजे तक और कुछ सीटों पर छह बजे तक मतदान होगा। निर्वाचन नियमों के अनुसार मतदान खत्म होने के समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार थम जाता है। इसके मुताबिक जिन सीटों पर शाम चार बजे तक मतदान है, उन सीटों पर मंगलवार शाम चार बजे से प्रचार थम गया।

इसी प्रकार पांच और छह बजे तक मतदान वाली सीटों पर आज शाम पांच बजे और छह बजे से प्रचार पर पाबंदी लागू हो गयी। उत्तर प्रदेश की आठ और पश्चिम बंगाल की दो सीटों पर सुबह सात बजे से शाह छह बजे तक और बिहार, मणिपुर, मेघालय, नगालैंड और ओडिशा में सीटों पर सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा।

चुनाव आचार संहिता के मुताबिक मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार अभियान थमने के दौरान सोशल मीडिया, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के अलावा जनसभा या किसी अन्य माध्यम से प्रचार प्रतिबंधित रहेगा। चुनाव आयोग द्वारा पहले चरण के मतदान के लिए 18 मार्च को अधिसूचना जारी होने के बाद प्रचार अभियान जोर शोर से शुरू हो गया था।

आयोग ने 17वीं लोकसभा के गठन के लिये 543 सीटों पर सात चरण में होने वाले चुनाव का कार्यक्रम दस मार्च को घोषित किया था। पहले चरण में आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, उत्तराखंड, मिजोरम, नगालैंड, सिक्किम और तेलंगाना की सभी लोकसभा सीटों के लिये मतदान होगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की आठ लोकसभा सीटों (सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा) और बिहार की चार सीटों (औरंगाबाद, गया, नवादा और जमुई), असम की पांच और महाराष्ट्र की सात, ओडिशा की चार और पश्चिम बंगाल की दो सीटों के लिये मतदान होगा।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *