नीतीश कुमार हुए 69 के, PM मोदी ने ऐसे की बिहार के CM की शुभकामनाएं देने के साथ तारीफ

नीतीश कुमार हुए 69 के, PM मोदी ने ऐसे की बिहार के CM की शुभकामनाएं देने के साथ तारीफ

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जन्मदिन पर राज्य में विकास के लिए उनके द्वारा उठाए गए कदमों के लिए उनकी प्रशंसा की। मोदी की यह प्रशंसा बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) को राज्य में लागू नहीं करने का प्रस्ताव पारित करने के कुछ ही दिनों बाद आई है।

बिहार विधानसभा में राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर (एनपीआर) को मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र की पूर्ववर्ती संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा 2010 में लाए गए मानकों पर ही लागू करने का प्रस्ताव भी पारित किया। बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने की उपलब्धि से सिर्फ कुछ महीने दूर नीतीश रविवार को 69 साल के हो गए।

नीतीश को मेरे दोस्त बुलाते हुए मोदी ने कहा कि वे जमीनी स्तर से आए एक लोकप्रिय नेता हैं। नीतीश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी पार्टी जनता दल युनाइटेड (जदयू) के अध्यक्ष हैं।

मोदी ने ट्वीट किया, बिहार के मुख्यमंत्री और मेरे दोस्त श्री नीतीश कुमार जी को शुभकामनाएं। जमीनी स्तर से उठे एक लोकप्रिय नेता बिहार के विकास के लिए हमेशा तत्पर रहे हैं। सामाजिक सशक्तिकरण के लिए उनका जुनून उल्लेखनीय है। उनके दीर्घ तथा स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। नीतीश ने उनकी शुभकामनाओं के लिए आभार जताया है।

उन्होंने ट्वीट किया, माननीय प्रधानमंत्री की शुभकामनाओं के लिए उनका धन्यवाद एवं आभार नरेंद्र मोदी जी। बिहार राजग में जदयू, भाजपा और राम विलास पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) शामिल हैं। लोकसभा चुनाव 2019 में गठबंधन ने राज्य की 40 में से 39 सीटों पर कब्जा किया था और विधानसभा चुनाव में बढ़त हासिल की थी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *