झारखंड : एक और झटका BJP को, 50 सीटों पर उतारे LJP ने अपने उम्मीदवार

झारखंड : एक और झटका BJP को, 50 सीटों पर उतारे LJP ने अपने उम्मीदवार

रांची। केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुआई वाले सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) ने झारखंड में विधानसभा चुनाव के लिए 50 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। इसे भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।

एलजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान ने ऐलान किया है कि वे झारखंड में अपने दम पर लड़ेंगे। केंद्रीय मंत्री राम विलास पासवान के बेटे चिराग हाल ही में एलजेपी के नए अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे। चिराग दो बार से बिहार की जमुई लोकसभा सीट से सांसद हैं।

एलजेपी ने झारखंड में छह सीटें मांगी थीं लेकिन भाजपा ने इसमें कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई। इसके बाद सोमवार को चिराग ने कहा था कि हम अकेले चुनाव लडऩे को तैयार हैं। हम इस बार टोकन के रूप में दी गई सीट स्वीकार नहीं करेंगे।

राजनीति के जानकार कहते हैं कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से चिराग की सलाह पर ही उनके पिता ने यूपीए के बजाय एनडीए के साथ जाने का फैसला किया था। तब एलजेपी ने 7 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ा और 6 पर जीत हासिल की। गौरतलब है कि झारखंड में कुल 81 सीटों पर पांच चरण में मतदान होगा। नतीजे 23 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण की वोटिंग 30 नवंबर को होगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *