मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में यूपी पुलिस का एक वीभत्स व अमानवीय चेहरा सामने आया है, जहां पर देर रात बदमाशों ने जीटी रोड पर दंपत्ति से लूटपाट की और पत्नी को अपने साथ अपहरण कर ले गये। घटना की शिकायत पति ने थाना में की तो पुलिस ने उसे ही आरोपी बनाते हुए रात भर थाने में बंदकर पीटा. सुबह पत्नी थाना पहुंची और शिकायत की कि बदमाश उसके साथ रात भर दुराचार करते रहे। मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को लगते ही हड़कम्प मच गया। आनन-फानन में थानाध्यक्ष को सस्पेंड करते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
घटना का शिकार औरैया निवासी युवक बुलंदशहर के सिकंदराबाद में परिवार के साथ रहकर नौकरी करता है। युवक पत्नी के साथ बाइक से शुक्रवार शाम बहन के यहां जा रहा था. रात 10 बजे जीटी रोड पर जुन्हैसा मोड़ पर ईको सवार बदमाशों ने बाइक रुकवा ली। तमंचे के बल पर दंपती को लूटने के बाद महिला को कार में डाल ले गए।
बाइक की चाबी भी छीन ली। मोबाइल पत्नी के पास होने के कारण युवक कुछ दूरी पर सड़क किनारे खड़े डंफर के चालक के पास पहुंचा और उसके मोबाइल से 100 नंबर पर फोन कराया. परिजनों को भी सूचना दी। रात करीब 12.30 बजे पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। बदमाशों की तलाश करने के स्थान पर हत्या कर पत्नी की लाश गायब करने का आरोप लगा कर युवक की ही पिटाई शुरू कर दी। थाने ले जाकर डंडों से पीटा।
जबकि युवक पत्नी को तलाशने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने उसे रातभर हवालात में बंद रखा। उधर, तड़के 3.30 बजे बदमाशों ने पीड़ित महिला को एटा क्षेत्र में सड़क किनारे फेंक दिया. होश आने पर उसने फोन से परिजनों को बताया कि तीन बदमाशों ने पांच घंटे तक उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। बस में सवार होकर वह थाना कुरावली पहुंची। कुरावली पुलिस ने बिछवां थाने में मामले की जानकारी दी. इस पर पुलिस पति को कुरावली थाने ले आई. शनिवार दोपहर तक मामले को दबाने की कवायद चलती रही. मौके पर पहुंचे एसपी अजय शंकर राय ने बताया कि एसओ बिछवां राजेश पाल सिंह को लाइनहाजिर कर दिया है। बदमाशों को पकडने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
Leave a Reply